Monday, July 6

मऊगंज। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुनसान इलाके में संचालित एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और लग्जरी वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस गिरोह के मुख्य तस्करों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक सुनसान स्थान पर अवैध रूप से एमडी ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर फैक्ट्री का खुलासा किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यहां तैयार की जाने वाली एमडी ड्रग्स की सप्लाई दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में करते थे। गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और लंबे समय से यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार एमडी ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ, ड्रग्स बनाने के उपकरण और लग्जरी वाहनों को जब्त किया। मौके से गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिसके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के सरगना और अन्य मुख्य तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। मामले की जांच विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से आगे बढ़ाई जा रही है।

बड़े शहरों में हो रही थी सप्लाई
एमडी ड्रग्स की सप्लाई मऊगंज से दूसरे शहरों में हो रही थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि दिल्ली, बनारस, प्रयागराज सहित अन्य शहरों में सप्लाई की जा रही थी। इसके पहले भोपाल में भी एक गिरोह पकड़ा गया था। अब मऊगंज में मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले में आईजी गौरव राजपूत ने भी जानकारी ली है और कहा है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply