Saturday, November 7

दीपावली पर पटाखे जलाते समय छोटी सी लापरवाही त्वचा को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। पटाखों की चिंगारी, बारूद और गर्म धातु के संपर्क से हाथ, चेहरा, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्से झुलस सकते हैं। ऐसे में घबराने के बजाय तत्काल सही प्राथमिक उपचार करना जरूरी है। गलत तरीके अपनाने से जलन और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। पटाखों से जलने की स्थिति में क्या करें, किन बातों से बचें और दुर्घटना रोकने के लिए कैसी सावधानी बरतें, जानिए इन जरूरी बिंदुओं में।

जलने पर तत्काल क्या करें

  • सबसे पहले व्यक्ति को आग और पटाखों से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।
  • जले हुए हिस्से को करीब 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। इससे त्वचा की गर्मी कम करने में मदद मिलती है।
  • हाथ या पैर में जलन होने पर सूजन बढ़ने से पहले अंगूठी, घड़ी, कड़ा या अन्य तंग आभूषण सावधानी से हटा दें।
  • जले हुए हिस्से के आसपास के ढीले कपड़े हटाएं, लेकिन त्वचा से चिपके कपड़ों को खींचकर न निकालें।
  • घाव को साफ, सूखे और बिना रोएं वाले कपड़े या साफ पट्टी से हल्के से ढक दें।

ये गलतियां बिल्कुल न करें

  • जले हुए हिस्से पर घी, तेल, मक्खन, टूथपेस्ट, हल्दी या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं।
  • घाव पर सीधे बर्फ या बर्फ का पानी न डालें।
  • त्वचा पर फफोले पड़ने पर उन्हें फोड़ें नहीं और न ही जली हुई त्वचा को कुरेदें।
  • घाव पर रुई या चिपकने वाली पट्टी सीधे न लगाएं।
  • त्वचा से चिपके कपड़े या अन्य वस्तु को जबरन हटाने का प्रयास न करें।

इन स्थितियों में तुरंत अस्पताल जाएं

  • जलन गहरी हो, त्वचा सफेद या काली पड़ गई हो अथवा बड़े फफोले बन गए हों।
  • जला हुआ हिस्सा हथेली से बड़ा हो।
  • चेहरे, आंख, हाथ, पैर, जोड़ों या निजी अंगों पर चोट लगी हो।
  • पटाखे से आंख में चोट लगने पर उसे न रगड़ें और न दबाएं। तत्काल नेत्र चिकित्सक से संपर्क करें।
  • धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या चेहरे पर जलन हो तो इसे आपात स्थिति मानें।

पटाखे जलाते समय बरतें ये सावधानियां

  • पटाखे हमेशा खुले स्थान पर और सुरक्षित दूरी बनाकर जलाएं।
  • बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें, उनके साथ वयस्क की मौजूदगी जरूरी है।
  • सूती और शरीर से सटे कपड़े पहनें। ढीले और सिंथेटिक कपड़ों से बचें।
  • पटाखे हाथ में पकड़कर न जलाएं और जलाते समय उनके ऊपर झुककर न देखें।
  • एक बार में एक ही पटाखा जलाएं। न जलने वाले पटाखे के पास तुरंत न जाएं और उसे दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
  • पटाखे जलाने के स्थान पर पानी की बाल्टी और प्राथमिक उपचार का सामान रखें।
  • पटाखों को घर के अंदर, ज्वलनशील वस्तुओं और वाहनों के पास न जलाएं।
Share.
Leave A Reply