Tuesday, October 6

रीवा। मानसून की विदाई के साथ रीवा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अक्टूबर में दिन गर्म और रातें ठंडी रहने का सिलसिला शुरू हो जाता है। मौसम के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में रीवा का सर्वाधिक गर्म दिन 5 अक्टूबर 1966 को रहा था, जब तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। 60 वर्ष बाद भी यह रिकॉर्ड कायम है। वहीं 26 अक्टूबर 2009 को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अक्टूबर की सबसे ठंडी रात का रिकॉर्ड है।

इस बार मानसून देर से सक्रिय हुआ, लेकिन विदाई लगभग तय समय पर हुई। महीने भर से अधिक समय तक बारिश का क्रम चलने के कारण अब ठंड के भी जल्दी दस्तक देने के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवाती तूफान अक्टूबर के मौसम में बदलाव ला सकते हैं। आंध्र तट को पार करने वाले ऐसे मौसम तंत्र का असर रीवा और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने पर सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।

अक्टूबर में 32.4 डिग्री सामान्य अधिकतम तापमान

रीवा में अक्टूबर का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। औसत मासिक वर्षा 51.7 मिलीमीटर है। अक्टूबर में अब तक सर्वाधिक मासिक वर्षा 218.1 मिलीमीटर वर्ष 2001 में दर्ज हुई थी। इसी वर्ष 4 अक्टूबर को 24 घंटे में 196.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

पिछले दस साल में 38.2 डिग्री तक चढ़ा पारा

वर्ष 2016 से 2025 के बीच अक्टूबर में तापमान और बारिश में काफी उतार-चढ़ाव रहा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वर्ष 2018 में 37.2, 2019 में 35.2, 2021 और 2022 में 34.8, 2023 में 36.4, 2024 में 35.7 तथा 2025 में 33.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। बारिश भी असमान रही। 2017, 2018 और 2020 में अक्टूबर लगभग सूखा रहा, जबकि 2022 में 122.4 और 2025 में 90.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

बाढ़ के बाद भी रीवा में 13 फीसदी बारिश कम

इस मानसून में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति के बावजूद रीवा जिले में सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। जिले में 864.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 990.6 मिलीमीटर है। इसके विपरीत मऊगंज में 1506 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 54 फीसदी अधिक है। सतना में 52 फीसदी और सिंगरौली में 31 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। पूर्वी मध्यप्रदेश में कुल 1083.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य 1043.4 मिलीमीटर से अधिक है।

 

Share.
Leave A Reply