रीवा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत रीवा और मऊगंज जिले की सभी विधानसभा सीटों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जनवरी 2026 की तुलना में नवंबर तक रीवा जिले में 41 हजार 565 और मऊगंज जिले में 15 हजार 622 मतदाता बढ़े हैं। दोनों जिलों में मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और दर्ज जानकारी में संशोधन कराने के लिए 11 दिसंबर तक का समय दिया गया है। दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
रीवा जिले में जनवरी 2026 में 13 लाख 5 हजार 247 मतदाता दर्ज थे। नवंबर में इनकी संख्या बढ़कर 13 लाख 46 हजार 812 हो गई है। इस तरह जिले में 41 हजार 565 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वहीं मऊगंज जिले में जनवरी में 4 लाख 42 हजार 428 मतदाता थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 4 लाख 58 हजार 50 हो गई है। यहां 15 हजार 622 मतदाता बढ़े हैं।
गुरुवार को रीवा कलेक्ट्रेट में कलेक्टर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक ने बताया कि सिरमौर, सेमरिया, त्योंथर, मनगवां, रीवा और गुढ़ विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में प्रारूप सूची उपलब्ध करा दी गई है। राजनीतिक दलों को सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी भी दी गई है। मतदाता संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर अपना नाम और दर्ज जानकारी देख सकते हैं।
तीन तरह के आवेदन का विकल्प
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फार्म-8 भरना होगा। आवेदन 11 दिसंबर तक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा किए जा सकते हैं। मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, ईसीआई नेट एप, वोटर पोर्टल और राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा।
मऊगंज और देवतालाब में 4.58 लाख मतदाता
मऊगंज जिले की मऊगंज और देवतालाब विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची भी जारी कर दी गई है। दोनों क्षेत्रों में कुल 4 लाख 58 हजार 50 मतदाता दर्ज हैं। जनवरी 2026 में यह संख्या 4 लाख 42 हजार 428 थी। इस तरह यहां 15 हजार 622 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। पुनरीक्षण के दौरान 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद मऊगंज विधानसभा क्षेत्र में 290 और देवतालाब में 364 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों क्षेत्रों में कुल 1 हजार 209 सेवा मतदाता भी दर्ज किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
———–
महत्वपूर्ण तारीखें
-
11 दिसंबर 2026 – दावा-आपत्ति और आवेदन की अंतिम तिथि
-
28 दिसंबर 2026 – दावे-आपत्तियों का निराकरण
-
4 जनवरी 2027 – अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
—————–रीवा जिले में विधानसभा वार मतदाताओं की वृद्धि-
विधानसभा जनवरी 2026 नवंबर 2026 वृद्धि सिरमौर 2,18,311 2,23,886 5,575 सेमरिया 2,17,891 2,23,916 6,025 त्योंथर 2,09,482 2,16,645 7,163 मनगवां 2,40,762 2,47,547 6,785 रीवा 1,94,641 2,04,328 9,687 गुढ़ 2,24,160 2,30,490 6,330 कुल 13,05,247 13,46,812 41,565 मऊगंज जिले में विधानसभा वार मतदाताओं की वृद्धि-
विधानसभा जनवरी 2026 नवंबर 2026 वृद्धि मऊगंज 2,13,416 2,21,119 7,703 देवतालाब 2,29,012 2,36,931 7,919 कुल 4,42,428 4,58,050 15,622 आंकड़ों से निकले तीन प्रमुख तथ्य-
-
रीवा विधानसभा सबसे आगे: जिले की छह विधानसभा सीटों में रीवा में सर्वाधिक 9,687 मतदाता बढ़े।
-
सिरमौर में सबसे कम वृद्धि: यहां 5,575 मतदाता बढ़े।
-
देवतालाब में मऊगंज से ज्यादा वृद्धि: देवतालाब में 7,919 और मऊगंज विधानसभा में 7,703 मतदाता बढ़े।
-





