रीवा। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मऊगंज जिले में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के मंच से उन्होंने किसानों की कार्यशैली को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिस पर किसान संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। सांसद ने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं और गुटखा, बोतल व चोंगी जैसी चीजों में समय बिताते हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद का विषय बन गया है।
सांसद की इस टिप्पणी ने किसानों के प्रति जनप्रतिनिधियों की सोच को लेकर बहस छेड़ दी है। किसान सालभर खेती-किसानी से जुड़े रहते हैं। फसल की तैयारी, बुवाई, सिंचाई, खाद-बीज का प्रबंधन, रखरखाव और कटाई तक कई चरणों में उनका परिश्रम शामिल होता है। ऐसे में उनकी मेहनत को केवल तीन महीने तक सीमित बताने वाली टिप्पणी पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि सांसद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो जिलेभर में उनका पुतला दहन किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा ने एफआईआर के लिए दिया आवेदन
किसानों को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा की टिप्पणी के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा। किसान नेताओं ने भाजपा से भी अपने सांसद के बयान पर संज्ञान लेने और ऐसी टिप्पणियों पर रोक लगाने की मांग की।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक शिव सिंह ने बताया कि 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे मऊगंज जिले के ग्राम रकरी स्थित कमल गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद ने सार्वजनिक मंच से किसानों को लेकर यह टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान साल में केवल तीन महीने खेती करते हैं, जबकि नौ महीने ताश खेलते हैं और गुटखा, बोतल, चोंगी व जय भोले में समय बिताते हैं।

किसान नेताओं का आरोप है कि सांसद के इस बयान से पूरे किसान समाज की मान-प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इससे किसानों में आक्रोश और मानसिक पीड़ा है। मोर्चा ने इसे सार्वजनिक शांति भंग करने वाला बयान बताते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356, 299, 196 और 353 के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में शिव सिंह, रामजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, सुब्रतमणि त्रिपाठी, शोभनाथ कुशवाहा, संतकुमार पटेल, रामानुज तिवारी सहित संयुक्त किसान मोर्चा के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।





