Saturday, July 4

रीवा। जिले के लालगांव चौकी क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक सूचना में परिजनों ने पुलिस को सर्पदंश से मौत होने की बात बताई थी, लेकिन बाद में मृतका के परिजनों ने उसके देवर और उसके साथियों पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। सुबह 9 बजे महिला अपने घर के कमरे में मृत अवस्था में मिली थी। उस समय घर में वह अकेली थी, जबकि उसका पति, पुत्र और अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए थे। बताया गया कि महिला करीब दो माह पहले नया मकान बनवाने के लिए गांव लौटी थी। परिजनों का दावा है कि उनके पास एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें घटना के समय महिला फोन पर आरोपियों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। इस रिकॉर्डिंग के आधार पर उन्होंने देवर और उसके साथियों पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल का दोबारा बारीकी से निरीक्षण किया, जहां कुछ संदिग्ध साक्ष्य भी मिले हैं। अब ऑडियो रिकॉर्डिंग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा और उसमें मौजूद आवाजों का मिलान संदिग्धों से कराया जाएगा।

——————————-

एसजीएमएच में डॉक्टर्स की टीम ने किया पोस्टमार्टम

परिजनों के आरोपों को देखते हुए शनिवार को शव को संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। अस्पताल में परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा भी किया। पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि के लिए पुलिस ने आवश्यक फोरेंसिक साक्ष्य और विजाइनल स्लाइड भी सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजी है। लालगांव चौकी प्रभारी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि महिला की मौत की प्रारंभिक सूचना सर्पदंश की थी, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए नए आरोपों के बाद सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply