Thursday, July 9

रीवा। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में तीन महीने पहले लापता हुए युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने जमीन में दफन किए गए युवक का कंकाल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सतना जिले की रामपुर बघेलान पुलिस ने शव का उत्खनन कराया।

पुलिस के अनुसार, सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र निवासी विपिन यादव 26 मार्च 2026 को अपनी ससुराल टीकर आया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस की जांच टीकर गांव तक पहुंची, जहां संदेह के आधार पर सुनील कुशवाहा की तलाश शुरू की गई।

हाल ही में गोविंदगढ़ पुलिस ने एक अन्य मारपीट के मामले में सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने विपिन यादव की हत्या कर शव दफनाने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर बरहा टोला क्षेत्र में गड्ढा खोदकर कंकाल निकाला गया, जिसकी पहचान परिजनों ने कपड़ों के आधार पर की। कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में उत्खनन की कार्रवाई कर अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया।

पत्नी के जरिए हुई थी दोस्ती

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी आंचल के माध्यम से टीकर निवासी सुनील कुशवाहा की विपिन से पहचान हुई थी। सुनील ने दोस्ती बढ़ाकर विपिन को गांव बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सुनसान स्थान पर दफना दिया गया। जब लोगों ने विपिन के बारे में पूछा तो आरोपी कहता रहा कि वह अपने गांव वापस लौट गया है।

पहले कुएं में फेंका, फिर दफना दिया

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद शव को पहले गांव के एक कुएं में फेंका गया था। तीन दिन बाद जब शव पानी के ऊपर दिखाई देने लगा तो आरोपियों ने उसे बाहर निकालकर घर से करीब 300 मीटर दूर सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर दफना दिया। शव छिपाने के लिए ऊपर झाड़ियां भी डाल दी गई थीं, ताकि किसी को संदेह न हो।

शादी के बाद भी चलता रहा प्रेम प्रसंग

जांच में यह भी सामने आया कि विपिन यादव की शादी करीब एक वर्ष पहले आंचल से हुई थी। पुलिस के अनुसार, शादी से पहले ही आंचल और सुनील कुशवाहा के बीच प्रेम संबंध थे, जो विवाह के बाद भी जारी रहे। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में दोनों के बीच लगातार बातचीत की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आंचल ने सुनील से प्रेम संबंध होने और हत्या की जानकारी होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, हत्या के समय उसकी प्रत्यक्ष मौजूदगी की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply