रीवा। शहर के नया बस स्टैंड के सामने स्थित पंगत होटल में दोपहर उस समय जमकर हंगामा मच गया, जब एक युवती ने अपने पति को होटल के कमरे में दूसरी युवती के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना के दौरान पति, पत्नी और दूसरी युवती के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो बना लिए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पत्नी होटल पहुंची और कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने अपने पति को दूसरी युवती के साथ देखा, जिसके बाद वह नाराज हो गई और पति के साथ बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर होटल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पत्नी पति और उसके साथ मौजूद युवती को लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
एक साल पहले हुई थी लव मैरिज
पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसने सीधी निवासी आकाश सिंह से 3 जुलाई 2025 को कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद कुछ महीनों तक दोनों साथ रहे, लेकिन जनवरी 2026 में पति बिना बताए गांव चला गया और मोबाइल बंद कर उससे संपर्क खत्म कर दिया। इस दौरान उसे पति की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जानकारी जुटाने पर पता चला कि वह गांव की जमीन बेचकर कहीं और रहने लगा है।
फेसबुक के जरिए लगाया पता
पत्नी के मुताबिक, दो दिन पहले पति की फेसबुक आईडी उसके मोबाइल में लॉग इन हो गई थी। इसी के जरिए वह उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रही थी। रविवार को जब वह रीवा से अपने घर सीधी जा रही थी, तभी उसने पति को बाइक पर एक युवती के साथ देखा। उसने दोनों का पीछा किया और करीब दो घंटे बाद पंगत होटल पहुंचकर कमरे में पति को दूसरी युवती के साथ पकड़ लिया।
दूसरी युवती को शादी की नहीं थी जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने दूसरी युवती से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती की थी और खुद को अविवाहित बताया था। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में उसने युवती की मांग में सिंदूर भी भरा था। जब युवती को पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है, तो वह भी हैरान रह गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रीवा सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला थाने पहुंचा है। दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। जो भी शिकायत प्राप्त होगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





