रीवा। विंध्य में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार रात दिल्ली से रीवा आने वाली एलाइंस एयर की फ्लाइट खराब मौसम के कारण रीवा एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी और करीब 50 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद वापस दिल्ली लौट गई। वहीं रीवा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी देर रात तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जिससे कई यात्रियों ने नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रवाना हुई फ्लाइट निर्धारित समय पर रीवा पहुंची थी, लेकिन एयरपोर्ट के ऊपर घने बादल और लगातार बारिश की वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल से आवश्यक लैंडिंग सिग्नल नहीं मिल पाया। विमान ने सतना-माधवगढ़ क्षेत्र के आसपास करीब 50 मिनट तक होल्डिंग पैटर्न में उड़ान भरी, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर पायलट ने विमान को वापस दिल्ली ले जाने का फैसला किया। रात करीब 9:15 बजे फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
बोर्डिंग के बाद भी यात्रियों को नहीं मिली स्पष्ट जानकारी
रीवा से दिल्ली जाने वाले यात्री तय समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे और उनकी बोर्डिंग प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। इसके बाद यात्री विमान के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर रात तक एलाइंस एयर की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। इससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ने लगी। एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को समझाकर स्थिति संभाली।
यात्रियों के परिजन भी रहे परेशान
दिल्ली से आने वाले यात्रियों को लेने पहुंचे परिजनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होने और मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहने के कारण उनकी यात्रियों से बात भी नहीं हो पा रही थी। रात करीब नौ बजे तेज बारिश शुरू होने से बाहर इंतजार कर रहे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
पहली बार बिना लैंडिंग लौट गई रीवा की फ्लाइट
रीवा एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने के बाद यह पहला अवसर है जब कोई यात्री विमान खराब मौसम और तकनीकी परिस्थितियों के कारण बिना लैंडिंग किए वापस लौट गया। इससे पहले कई बार उड़ानों में देरी हुई, लेकिन विमान को वापस लौटाना नहीं पड़ा था। दिल्ली पहुंचने के बाद रात करीब 10:30 बजे यात्रियों को विमान से उतारा गया।
सतना और प्रयागराज भी नहीं बन सके विकल्प
रीवा के निकट स्थित सतना एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विमान वहां नहीं उतारा जा सका। इसी तरह प्रयागराज एयरपोर्ट पर भी उस समय नाइट लैंडिंग की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने से उसे वैकल्पिक एयरपोर्ट के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया। अंततः एलाइंस एयर ने फ्लाइट को वापस दिल्ली भेजने का निर्णय लिया।
पहले भी बारिश से प्रभावित हुई थी उड़ान
लगातार खराब मौसम के कारण रीवा की हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे पहले 20 अगस्त को रायपुर से रीवा आने वाली फ्लाइट करीब साढ़े दस घंटे की देरी से रात लगभग 11 बजे पहुंची थी। उस दौरान भी यात्रियों और उन्हें रिसीव करने पहुंचे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा था। अब दिल्ली फ्लाइट के वापस लौटने से यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है।





