रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र में बीती रात एक पुलिसकर्मी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक आरक्षक मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ था। घटना बीती रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार मृतक आरक्षक राकेश कुमार पटेल बीती शाम अपने घर रीवा आए हुए था। देर रात वह अपने एक पुराने दोस्त के घर शहर के समान थाना क्षेत्र में गड़रिया मोहल्ले में गया था। इसी दौरान गोली लगने की घटना हुई। गंभीर हालत में उन्हें संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि गोली दोस्त के घर पर चली है और घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के घर यह घटनाक्रम हुआ, उससे मृतक की करीब 10 साल पुरानी दोस्ती और पारिवारिक संबंध थे। घटना के बाद संदेही की तलाश की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली और किन परिस्थितियों में राकेश पटेल की कनपटी पर लगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच का इंतजार कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्रमश: समान थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल, अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, एएसपी आरती सिंह और एसपी गुरुकरण सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी मामले में किसी को आरोपी नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
—
हत्या और आत्महत्या के फेर में उलझी पुलिस
पुलिसकर्मी की गोली लगने से मौत के बाद दो तरह के बयान सामने आए हैं। जिस घर में घटना हुई है, वहां के लोगों ने धोखे से खुद पर गोली चलाने की बात कही है तो वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इस घटनाक्रम पर रीवा के पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि थाना रामनगर जिला मैहर में पदस्थ आरक्षक राकेश पटेल को सिर में गोली लगी है। अस्पताल में डाक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया है। जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक घटना की जानकारी स्पष्ट नहीं होगी। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है, जांच की जा रही है।
—





