Monday, July 20

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर मंतर में नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकले हैं। बढ़ती भीड़ को देख पहले पुलिस ने लाठी चार्ज का प्रयास किया लेकिन जब मामला बिगड़ता दिखा तो सरकार ने बातचीत के रास्ते खोल दिए हैं। अब इस प्रदर्शन पर सुलह की ओर से बात आगे बढऩे की उम्मीद है।

प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच बातचीत की पहल शुरू हो गई है। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि वह और आशुतोष रांका केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात करने जा रहे हैं।

सौरव दास ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सुबह 11:52 बजे वह पार्टी की ओर से जे.पी. नड्डा से मिलने के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि सुबह सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया था, जिसके बाद आगे की चर्चा के लिए यह बैठक तय हुई है।

इस बीच सोमवार (20 जुलाई 2026) को दिल्ली के मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे सैकड़ों छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए कथित तौर पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं।

घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती रही। हालांकि, कथित बल प्रयोग या किसी हिरासत को लेकर पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

सौरव दास ने अपने संदेश में कहा कि उनकी पार्टी की मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं और बड़ी संख्या में युवा आंदोलन के समर्थन में जुड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन जारी रहेगा और अंततः उनकी जीत होगी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “युवा भारी संख्या में इकट्ठा हुए हैं। हम जीतेंगे।”

 

Share.
Leave A Reply