रीवा। कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के शुभारंभ समारोह के दौरान भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए मंच से ऐसा बोले गए, जिसे आपत्तिजनक भाषा बताते हुए विरोध भी शुरू कर दिया गया है। सांसद का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में सांसद जनार्दन मिश्रा देश में पेट्रोल की मांग, आयात और इथेनॉल मिश्रण को लेकर सरकार की नीतियों पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करता है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से देश को पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढऩे में मदद मिल रही है।
इसी दौरान सांसद ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण की बात कही तो इसका विरोध किया गया और केवल शुद्ध पेट्रोल की मांग की गई। इसी बात पर आपा खोते हुए उन्होंने कहा, शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा। साथ ही यह भी कहा की अब गैस सिलेंडर में भी 20 प्रतिशत की मिलावट होगी। सांसद मिश्रा ने यह बयान उस समय दिया, जब मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
—
ब्राजील में 100 प्रतिशत एथेनाल से चल रहे वाहन
सांसद ने अपने संबोधन में ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां शतप्रतिशत इथेनॉल आधारित ईंधन का उपयोग शुरू हो चुका है। भारत में भी पर्याप्त एथेनॉल बनाने की क्षमता है। ऑटोमोबाइल कंपनियां भी ऐसे वाहन बनाने को तैयार हैं। सांसद ने देश के बढ़ते रक्षा और विमानन क्षेत्र के निर्यात का भी उल्लेख करते हुए भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढऩे की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि एक जमाना था जब आसपास में हवाई जहाज दिखती थी तो सब ऊपर देखकर कहते थे कि चील्ह का बच्चा उड़ रहा है, आज उसी रीवा से नए फ्लाइट उड़ रहे हैं।





