Wednesday, August 5

  रीवा। रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। 9 अगस्त से रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए नई नियमित उड़ान सेवा शुरू होगी। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही रीवा सीधे मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और पूर्वी भारत के प्रमुख महानगर कोलकाता से हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा।

जारी शेड्यूल के अनुसार विमान दोपहर 1.10 बजे कोलकाता से रवाना होकर 3.15 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद यही विमान 3.40 बजे भोपाल के लिए उड़ान भरेगा और शाम 5.10 बजे पहुंचेगा। भोपाल से 5.35 बजे उड़ान भरने के बाद विमान शाम 7.05 बजे रीवा लौटेगा और फिर 7.30 बजे कोलकाता के लिए रवाना होकर रात 9.40 बजे पहुंचेगा। यह सेवा ATR-72 विमान से संचालित होगी।

रीवा एयरपोर्ट से फिलहाल नई दिल्ली, इंदौर और रायपुर के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। अब भोपाल और कोलकाता के जुड़ने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर भोपाल जाने वाले यात्रियों को लंबी रेल यात्रा और सीटों की परेशानी से निजात मिलेगी। रेवांचल एक्सप्रेस और वंदे भारत के बावजूद हवाई यात्रा की मांग लगातार बढ़ रही थी।

नई उड़ान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर 9 अगस्त को रीवा एयरपोर्ट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

पहले दिन विशेष किराया

नई सेवा के शुभारंभ पर यात्रियों को शुरुआती किराए में राहत दी गई है। 9 अगस्त को रीवा से भोपाल का किराया 2,755 रुपये रखा गया है, जबकि भोपाल से रीवा का किराया 3,543 रुपये होगा। 11 अगस्त के बाद रीवा-भोपाल का किराया 3,805 रुपये और भोपाल-रीवा का 3,858 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं पहले दिन कोलकाता से रीवा का किराया 4,941 रुपये और रीवा से कोलकाता का 8,840 रुपये रहेगा।

फ्लाइट शेड्यूल (प्रारंभिक)

रूट प्रस्थान आगमन प्रारंभिक किराया
कोलकाता – रीवा 1:10 बजे 3:15 बजे ₹5,361
रीवा – भोपाल 3:40 बजे 5:10 बजे ₹3,805
भोपाल – रीवा 5:35 बजे 7:05 बजे ₹4,593
रीवा – कोलकाता 7:30 बजे 9:40 बजे ₹4,430

नोट: समय दोपहर और शाम का है। किराया प्रारंभिक है और इसमें बदलाव संभव है।

सिंगरौली से भी वाणिज्यिक उड़ानों की मांग

रीवा से हवाई सेवाओं के विस्तार के बीच राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को ज्ञापन सौंपकर सिंगरौली एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक विमान सेवाएं शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पहले छह सीटर एयर टैक्सी सेवा शुरू हुई थी, लेकिन वह बंद हो गई। अब क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए बड़े विमानों का संचालन शुरू किया जाना चाहिए।

Share.
Leave A Reply