Sunday, August 2

Women Cricket : रीवा की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर शुचि उपाध्याय का चयन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर 2 से 27 अगस्त तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में शानदार प्रदर्शन करने पर शुचि की भारतीय महिला क्रिकेट टीम में दोबारा वापसी की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।

रीवा के लॉर्ड्स क्रिकेट क्लब से क्रिकेट की शुरुआत करने वाली शुचि उपाध्याय ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने 9 मई 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर रीवा और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया था।

एनसीए कैंप में चयन की सूचना मिलने पर लॉर्ड्स क्रिकेट क्लब के संचालक एवं पूर्व पार्षद सतीश सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि शुचि पूरे रीवा और मध्यप्रदेश का गौरव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शुचि इस प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह फिर से मजबूत करेंगी।

शुचि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों इंद्रदेव भारती और शुभम मिश्रा को दिया। उन्होंने कहा कि जब भी अवसर मिलेगा, वह रीवा आकर लॉर्ड्स क्रिकेट क्लब में अभ्यास करती रहेंगी।

शुचि के चयन पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रामपुर बाघेलान विधायक विक्रम सिंह, नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडेय, एपीएस विश्वविद्यालय के खेल संचालक डॉ. रामभूषण मिश्रा, डॉ. संतोष अवधिया सहित कई जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Share.
Leave A Reply