ग्वालियर । नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर (AE) सुशील कटारे को लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि उनकी सेवानिवृत्ति में महज एक दिन शेष था। लोकायुक्त की कार्रवाई से नगर निगम में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के ठेकेदार सचिन पचौरी ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि उनकी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में AE सुशील कटारे ने 36 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
बताया गया कि 28 जुलाई को आरोपी अधिकारी ठेकेदार से 30 हजार रुपये पहले ही ले चुका था। शेष 6 हजार रुपये लेने के लिए गुरुवार को ठेकेदार को बुलाया गया। जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी को बकाया राशि सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रिटायरमेंट से ठीक एक दिन पहले हुई इस कार्रवाई की पूरे नगर निगम और प्रशासनिक महकमे में चर्चा बनी हुई है।





