नईदिल्ली। सोशल मीडिया में गठित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ दिल्ली के जंतर-मंतर में जुटी है। सरकार ने फिलहाल इस प्रदर्शन को रोकने के लिए किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं की है। प्रदर्शन की अनुमति भी दे दी गई है। सुबह इस पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे, जहां उनके स्वागत में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर पर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार, “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) के समर्थकों द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

व्यंग्यात्मक ऑनलाइन संगठन “कॉकरोच जनता पार्टी” के संस्थापक अभिजीत डिपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह जंतर-मंतर पर सभी से मिलने को लेकर उत्साहित हैं और यह आंदोलन प्रेम व शांति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

दरअसल, अभिजीत डिपके ने कुछ दिन पहले ही बोस्टन से भारत लौटकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी। उनका आरोप है कि हाल के वर्षों में परीक्षा व्यवस्थाओं में लगातार गड़बड़ियां और लापरवाही सामने आई हैं, जिनकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

इस बीच शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता Sonam Wangchuk ने भी कहा है कि यदि 5 जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह भी इस आंदोलन में शामिल होंगे। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।

Share.
Leave A Reply