रीवा। बघेली के यूट्यूबर मनीष पटेल को पुलिस ने जेल भेज दिया है। एक दिन पहले ही उसने कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके चलते सिविल लाइन थाने की पुलिस को सौंपा गया था। पुलिस ने उससे पूछताछ की और अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद जेल पहुंचा दिया है। मनीष पटेल यूट्यूबर है जो बघेली बोली में हास्य के वीडियो बनाकर लोगों के मनोरंजन करता है।
सोशल मीडिया में वह पोकभान के नाम पर चर्चित है, लोग पसंद भी करते हैं। बीते जनवरी महीने में उसके एक सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल मच गया था। जिस पर उसने ब्राह्मण समाज की लड़कियों के आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। इस पर समाज की ओर से कड़ा विरोध जताया गया और एफआईआर दर्ज कराई गई।
हाईकोर्ट से भी जमानत खारिज होने के बाद पुलिस से वह छिपकर रह रहा था। अब सरेंडर करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों का रिकार्ड खंगाला तो पता चला है कि उक्त आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी-लूट के पांच मामले पहले से दर्ज हैं। रीवा के विश्वविद्यालय थाने में तीन और समान व सिविल लाइन में एक-एक मामला पहले से दर्ज था। सिविल लाइन थाने में आईटी एक्ट का छटवां मामला उसके खिलाफ दर्ज हुआ था। उक्त आरोपी के खिलाफ विवि थाने में दर्ज मोबाइल लूट के मामले में स्थायी वारंट जारी हुआ था जिसमें विवि पुलिस ने भी उसको अपने प्रकरण में गिरफ्तार किया है।





