सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक शर्मनाक घटनाक्रम सामने आया है। जिसमें एक डाक्टर को जिला अस्पताल से सोनोग्राफी मशीन चोरी करते हुए देखा गया है। इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल हुआ है, साथ ही अस्पताल के सिविल सर्जन ने कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखकर संबंधित डाक्टर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई है। उक्त डाक्टर इसके पहले जिला अस्पताल सहित विभाग के कई प्रमुख पदों पर रह चुका है। इस संबंध में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एसबी. खरे ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर रिटायर्ड शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेन्द्र सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जारी पत्र के अनुसार, 21 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच जिला चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष क्रमांक 12 से सोनोग्राफी मशीन एवं अन्य उपकरण ले जाए गए। आरोप है कि यह मशीन कई वर्षों से शासकीय अधिग्रहण में अस्पताल परिसर में रखी हुई थी और इसे बिना अस्पताल प्रशासन की अनुमति या सूचना के हटाया गया। पत्र में उल्लेख किया गया है कि डॉ. देवेन्द्र सिंह के कहने पर वार्ड बॉय महेश प्रसाद केवट ने कक्ष क्रमांक 12 का ताला खोला और मशीन एवं अन्य उपकरण बाहर ले जाने दिए। वहीं सुरक्षा गार्ड रामसुजान मिश्रा पर भी लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि न तो उपकरण ले जाने से रोका गया और न ही इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर डॉ. देवेन्द्र सिंह, वार्ड बॉय महेश प्रसाद केवट और सुरक्षा गार्ड रामसुजान मिश्रा के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई एवं एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। मामले की प्रतिलिपि आयुक्त रीवा संभाग, कलेक्टर सीधी, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी भेजी गई है।






