रीवा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) संपन्न होने के कुछ घंटों बाद रीवा के शासकीय मार्तंड क्रमांक-2 विद्यालय में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से विद्यालय में रखे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कार्यालयीन सामग्री जलकर नष्ट हो गई। घटना के दिन स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। दूसरे दिन सोमवार को दोपहर बाद इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंची जिसके बाद जांच शुरू की गई है। जांच की दृष्टि से आग लगने वाले कक्ष को सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को विद्यालय में नीट परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षा सामग्री जमा कराने के लिए अधिकांश स्टाफ विद्यालय से निकल गया था। इसी दौरान परिसर में मौजूद एक कर्मचारी को विद्यालय भवन से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार्यालय कक्ष में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे, एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर, कंप्यूटर, सोफा सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। हालांकि परीक्षा सामग्री पहले ही विद्यालय से हटाई जा चुकी थी, जिससे वह सुरक्षित बच गई। आग में सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्ड भी नष्ट होने की जानकारी सामने आई है। अब यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि सीसीटीवी रिकार्ड नष्ट करने की साजिश भी हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने प्रथम दृष्टया ऐसे किसी भी आरोपों की पुष्टि से इंकार किया है।
—-
एक्सपायर मिले अग्निशामक यंत्र
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय में लगाए गए अग्निशामक यंत्र निर्धारित अवधि से काफी पहले एक्सपायर हो चुके थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इन यंत्रों की वैधता फरवरी 2025 में समाप्त हो गई थी। आग लगने के समय ये उपकरण उपयोगी साबित नहीं हुए, जिससे नुकसान और बढ़ गया।




