रीवा। सीएम हेल्पलाइन में जहां आसानी से शिकायत दर्ज होती है और उसका निराकरण भी घर बैठे होता है। अब कुछ लोगों ने इसे टाइम पास करने का जरिए बना लिया है। लगातार अनावश्यक शिकायतें बढ़ती जा रही हैं, जिसकी वजह से कलेक्टर ने ऐसे शिकायतकर्ताओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए भी कहा है।
हाल के दिनों में कई ऐसी शिकायतें पहुंची हैं जिसमें कहा गया है कि गर्मी बहुत है, मोबाइल का नेट भी खत्म हो चुका है टाइम पास नहीं हो रहा है। वह परेशान हैं तो सीएम हेल्पलाइन वालों को भी थोड़ा परेशान करना चाहते हैं। बीते करीब दो सप्ताह के भीतर करीब दर्जनभर से अधिक शिकायतें चिन्हित की गई हैं।
कुछ समय पहले भी अनावश्यक शिकायतकर्ताओं को चिन्हित किया गया था, जिसमें कुछ तो ऐसे थे जिनकी शिकायतों की संख्या चार सौ के पार थी। एक व्यक्ति की इतनी संख्या में समस्याएं नहीं हो सकती, इसलिए उनके नंबरों को ब्लैक लिस्टिेड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब वही लोग दूसरे मोबाइल नंबरों से भी अनावश्यक शिकायतें कर रहे हैं। इसमें कुछ तो ऐसे भी चिन्हित हुए हैं जो रीवा जिले के बाहर के हैं लेकिन शिकायतें रीवा से जुड़ी कर रहे हैं।
—-
काउंसिलिंग में बताएंगे शिकायत के तरीके
जिले में सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में अनावश्यक शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश जारी किया है कि अधिकारी गांवों में जाएं या शिविर लगाएं तो लोगों को शिकायतों के बारे में जरूर बताएं। साथ ही कार्यालयों में भी यह व्यवस्था बनाई जाए जिसमें किस तरह की शिकायतें कहां करना है इसके तरीके बताए जाएंगे। कलेक्टर ने कहा है कि अधिकांश शिकायतें कोर्ट से जुड़े मामलों की हो रही हैं, जिनका निराकरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जाना है। कुछ नीतिगत विषयों से जुड़ी शिकायतें की जाती हैं, जिससे शिकायतों की संख्या बढ़ रही है।
—————
सीएम हेल्पलाइन में ऐसे पहुंच रही शिकायतें
केस-1- शिकायतकर्ता- रामबदन साकेत(गोविंदगढ़)
मैं रामबदन साकेत हूं, आजकल गर्मी के समय में घर पर रहता हूं। कोई काम नहीं है, टाइम पास होता नहीं है, नेट खत्म हो गया। इसलिए अपना टाइमपास का जरिया सीएम हेल्पलाइन को बना रहा हूं। बुरा मत मानिएगा, लेकिन आपकी शिकायत मैं ऐसे ही करता रहूंगा, जब तक मेरा टाइम पास नहीं हो जाता। कृपया समस्या का जल्द निराकरण कराएं।
–
केस-2- शिकायतकर्ता–संजीव शुक्ला(बैकुंठपुर)
मैं इस समय बिल्कुल खाली हूं, मेरे पास कोई काम नहीं है और बहुत परेशान हूं अपने जीवन से, तो मुझे लगा कि आप लोग क्यों खुश रहें। आप लोग भी परेशान रहिए, इसलिए मैं आपकी शिकायत कर रहा हूं, खाली हूं क्या करूं सोचा यही काम कर लूं। समस्या बहुत हो रही है, कृपया जल्द निराकरण किया जाए।
—————–
–
सीएम हेल्पलाइन घर बैठे समस्या समाधान का माध्यम है। जिसका बड़ी संख्या में लोग लाभ भी ले रहे हैं। इस बीच कुछ ऐसे भी हैं जो अनावश्यक शिकायतें कर रहे हैं। एक तो काउंसिलिंग से इन्हें समझाया जाएगा कि किस तरह की शिकायतें वह कर सकते हैं। वहीं अनावश्यक शिकायतें करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।
नरेन्द्र सूर्यवंशी, कलेक्टर रीवा




