Tuesday, June 23

रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (एपीएसयू) की एक अधिसूचना में ऐसी गलती सामने आई है, जिसने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित परीक्षा अधिसूचना में विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए 31 जून 2026 तक का समय दिया गया है, जबकि जून माह में केवल 30 दिन ही होते हैं।

जानकारी के अनुसार, 22 जून को जारी अधिसूचना में स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, एमबीए, एलएलएम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के नियमित, भूतपूर्व एवं एटीकेटी विद्यार्थियों से परीक्षा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अधिसूचना में सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून से 31 जून 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 जुलाई से परीक्षा प्रारंभ होने के एक दिन पूर्व तक 1500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन का प्रावधान बताया गया है।

विशेष बात यह है कि यह त्रुटिपूर्ण आदेश केवल कार्यालयी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसकी प्रति विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर भी अपलोड कर दी गई। अधिसूचना तैयार करने से लेकर अनुमोदन और प्रकाशन तक की प्रक्रिया में कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे, लेकिन किसी का ध्यान इस स्पष्ट त्रुटि पर नहीं गया।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रतिक्रियाएं

अधिसूचना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए व्यंग्यात्मक टिप्पणियां की हैं। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि विश्वविद्यालय ने कैलेंडर में मौजूद नहीं रहने वाली नई तारीख की खोज कर ली है। कुछ लोगों ने संबंधित कर्मचारियों को “नई तारीख खोजने” के लिए सम्मानित किए जाने तक की बात लिखी।

छात्रों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों में इस प्रकार की गलती प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। विद्यार्थियों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की है। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Share.
Leave A Reply