मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता Emraan Hashmi की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का पहला टीजर रिलीज हो गया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। इमोशनल लव स्टोरी, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और इमरान के पुराने इंटेंस अंदाज ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर रोमांटिक और भावनात्मक किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ अभिनेत्री Disha Patani मुख्य भूमिका में हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
संगीत पर रहेगा खास फोकस
‘आवारापन 2’ में संगीत को खास महत्व दिया गया है। पहली फिल्म के लोकप्रिय गीतों की तरह इस बार भी संगीतकार Mithoon और गीतकार Sayeed Quadri की सुपरहिट जोड़ी को दोबारा साथ लाया गया है।
फिल्म में ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’ जैसे चर्चित गीतों को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके अलावा एक नया रोमांटिक ट्रैक भी फिल्म का हिस्सा होगा, जिस पर फिलहाल काम जारी है।
नितिक कक्कड़ के निर्देशन में बनी फिल्म
फिल्म का निर्देशन Nitik Kakkar ने किया है, जबकि निर्माता Vishesh Bhatt हैं। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म की भावनात्मक कहानी को प्रभावी बनाने के लिए मिथून और सईद कादरी की जोड़ी सबसे उपयुक्त रही।
टीजर को मिला शानदार रिस्पॉन्स
टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई दर्शकों ने इमरान हाशमी की इस वापसी को उनके पुराने दौर की याद दिलाने वाला बताया। फिल्म के विजुअल्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और रोमांटिक माहौल की भी जमकर सराहना हो रही है। एक यूजर ने लिखा, “अक्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ।”
14 अगस्त 2026 को होगी रिलीज
‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर और संगीत को लेकर बनी सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।





