Monday, April 27

 Amit Shah news

पन्ना। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला पन्ना जिले में तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को गंभीर मानते हुए कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने संबंधित यूजर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष पूनम यादव द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने सचिन मौर्य नामक व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने एक्स अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री के विरुद्ध अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की, जिससे उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पोस्ट में अनुचित शब्दों का प्रयोग किया गया तथा एक महिला की तस्वीर भी साझा की गई, जिस पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
भाजपा पदाधिकारियों ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इनमें धारा 352, 353(2), 356(1) और 196(1) शामिल हैं। पुलिस इन धाराओं के तहत मानहानि, आपत्तिजनक आचरण और सामाजिक वैमनस्य फैलाने जैसे बिंदुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष का माहौल देखा गया।
कई कार्यकर्ताओं ने इसे सार्वजनिक जीवन में गरिमा के खिलाफ बताते हुए दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच, पोस्ट की सत्यता, समय, लोकेशन और संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर साइबर विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अपमानजनक और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट को गंभीरता से लिया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

Share.
Leave A Reply