रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक वन विभाग के रेंजर को उनकी पत्नी ने कथित तौर पर प्रेमिका के साथ होटल के कमरे में रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और रेंजर अपनी महिला साथी के साथ वहां से भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के बरौंधा क्षेत्र में पदस्थ वन विभाग के रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय सोमवार को रीवा के छिजवार रोड स्थित एक होटल में एक महिला के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी को इसकी जानकारी मिल गई और वह सतना से रीवा पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि पत्नी के होटल पहुंचने की सूचना मिलते ही रेंजर ने महिला को कमरे के बाथरूम में छिपा दिया। हालांकि पत्नी ने उसे खोज निकाला, जिसके बाद होटल में विवाद और हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान महिला मौके से निकलकर भाग गई, जबकि पत्नी उसे रोकने और पकड़ने का प्रयास करती रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति बिगड़ते देख रेंजर भी वहां से निकल गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना वाहन वहीं छोड़ दिया और बाद में महिला के साथ एक ट्रक में बैठकर मौके से चले गए।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





