Monday, September 21

 

रीवा। घर में छोटे भाई के साथ मौजूद कक्षा 12 की छात्रा को अचानक घर पर आए एक बदमाश ने गोली मार दी। जब तक वह कुछ समझ पाती बदमाश गोली मारकर भाग निकला। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग जुटे और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना मध्यप्रदेश के रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी मोहल्ले की है। जहां पर कक्षा 12 की छात्रा वंशिका सिंह अपने छोटे भाई के साथ घर पर मौजूद थी। स्कूटी में सवार होकर आदर्श पांडेय निवासी दुआरी पहुंचा और फायर कर दिया। पहला फायर लड़की के कंधे के बगल से निकल गया और इसके बाद दूसरा फायर भी कर दिया, जिससे गले में गोली लग गई और वह गिर पड़ी। घर पर मौजूद लड़की का छोटा भाई कुछ समझ पाता, तब तक आरोपी वहां से भाग निकला। भागते समय आरोपी अपनी स्कूटी भी छोड़कर गायब हो गया। गोली चलने की घटना आसपास रहने वाले लोगों को हुई तो वह जमा हो गए और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर उपचार किया जा रहा है। बताया गया है कि लड़की अपनी मां और भाई के साथ चाणक्यपुरी मोहल्ले में रहती है।


आरोपी का वाहन जब्त
वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकला था लेकिन इस बीच वह जिस स्कूटी वाहन से आया था उसे छोड़कर भाग गया। घटना के बाद उसकी बहन वहां पर पहुंची और स्कूटी ले गई थी। जिसे देर शाम पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद कर लिया है। आरोपी अपने घर से गायब है। उसके कुछ चिन्हित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। आरोपी के कई साथियों को पूछताछ के लिए पुलिस ने थाने बुलाया है। साथ ही परिवार के लोगों से भी पूछताछ की गई है।

शातिर बदमाश है आरोपी
आरोपी आदर्श पांडेय के बारे में जानकारी मिली है कि वह शातिर बदमाश है। इसके पहले वह कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके विरुद्ध मारपीट के कई मामलों के साथ ही हत्या के प्रयास का भी प्रकरण दर्ज है। पुलिस अब आरोपी के विरुद्ध दर्ज अन्य सभी थानों के प्रकरणों को जुटा रही है। उसके फरार रहने की स्थिति में प्रशासन और पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।


शहर में धड़ल्ले से उपलब्ध हो रहे अवैध हथियार, पुलिस नाकाम
शहर में अवैध हथियार धड़ल्ले के साथ मिल रहे हैं। जिसकी वजह से आए दिन गोली चलाने की घटनाएं हो रही हैं। अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने में रीवा की पुलिस नाकाम साबित हुई है। यही कारण है कि कम उम्र के लड़के बिना किसी कारण के भी गोलियां चला रहे हैं। कुछ दिन पहले ही एक शॉपिंग माल के बाहर खरीददारी करने गए बिजली कंपनी के इंजीनियर को गोली मार दी गई थी, जबकि उनका बदमाशों से कोई लेना-देना नहीं था। कुछ समय पहले तक शहर में अवैध हथियार बिहार और झारखंड के कई हिस्सों से आते थे। इसमें मुंगेर सबसे बड़ा ठिकाना था। वर्तमान में कटनी के साथ ही उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से अवैध हथियार आ रहे हैं और सहज तरीके से कम उम्र के युवकों तक पहुंच रहे हैं जो खुलेआम वारदात को अंजाम देझ रहे हैं।


Share.
Leave A Reply