Thursday, November 5

—
रीवा। भाजपा में लोकसभा प्रत्याशी चयन के लिए रायशुमारी करने के लिए मंत्री तुलसी सिलावट (Tulsi Silawat) और प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन (Akhilesh Jain) रीवा पहुंचे। करीब चार घंटे से अधिक समय तक पार्टी के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों के साथ वन टू वन चर्चा कर उनसे लोकसभा के लिए लोकप्रिय प्रत्याशी का नाम पूछा। सभी से तीन-तीन नाम पूछे गए और उनकी वजह भी पर्यवेक्षकों ने जानी। करीब आधा दर्जन से अधिक दावेदारों ने अपने पसंद के नेताओं के नाम गिनाए।

वहीं कई ऐसे रहे जिन्होंने सिंगल नाम बताए ताकि उनके समर्थक नेता को प्राथमिकता मिले। इस रायशुमारी के लिए जिले के 105 नेताओं को बुलाया गया था। जिसमें अधिकांश भाजपा कार्यालय पहुंचे। अपनी-अपनी बारी से क्रमबद्ध तरीके से पहुंचकर नाम बताए गए। भाजपा ने हर जिले में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी करने के लिए एक सत्ता और एक संगठन का नेता जिलों में भेजा है, जिसमें रीवा में मंत्री तुलसी सिलावट और अखिलेश जैन पहुंचे थे। इनसे मिलने के लिए सांसद, विधायक, पूर्व प्रत्याशी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, कोर कमेटी के सदस्यों आदि को बुलाया गया था।

– कई नेताओं ने फोन पर बताई पसंद
रायशुमारी में सभी नेताओं को पहुंचना था लेकिन कई नेता शहर या जिले के बाहर रहे। जिसकी वजह से उनकी राय जानने के लिए पर्यवेक्षकों ने फोन पर संपर्क किया। इसमें उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला (Rajendra Shukla), सांसद जनार्दन मिश्रा (Janardan Mishra), विधायक दिव्यराज सिंह (DivyaRaj Singh), प्रदीप पटेल सहित कई अन्य प्रमुख नेताओं से फोन पर उनकी पसंद के प्रत्याशी के नाम पूछे गए।

– इन नेताओं के बताए गए नाम
भाजपा से लोकसभा प्रत्याशी के लिए करीब आधा दर्जन नेताओं के नाम उनके समर्थक पदाधिकारियों और नेताओं ने बताए हैं। जिसमें जनार्दन मिश्रा को फिर से रिपीट करने की भी मांग की गई है। साथ ही अन्य दावेदारों में जिला अध्यक्ष अजय सिंह पटेल, प्रज्ञा त्रिपाठी, पुष्पराज सिंह, राजेश पांडेय, केपी त्रिपाठी, विभा पटेल, गौरव तिवारी, शिवेन्द्र पटेल, वीरेन्द्र गुप्ता, मनीषा पाठक के साथ ही गिरीश गौतम और पंचूलाल प्रजापति के नाम भी कुछ समर्थकों ने बताए हैं। अब इन नेताओं के सर्वे में आए नामों से मिलान किया जाएगा, इसके बाद टिकट की सूची तैयार होगी।

Share.
Leave A Reply