Tuesday, June 23

रीवा। परिवार के साथ मजदूरी करने गई किशोरी के साथ भोपाल में युवक ने बलात्कार किया। पीडि़ता परिवार के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने गई तो वहां पुलिस ने 9 घंटे बैठाने के बाद बिना कार्रवाई किए उनको भगा दिया। आरोपी की धमकी से सहमे परिजन भोपाल छोड़कर वापस घर आ गए। रविवार को मऊगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर जांच के लिए भोपाल भेज दिया है।
मऊगंज में रहने वाला एक परिवार मजदूरी करने भोपाल गया था। परिवार के सदस्य 30 जनवरी को भोपाल में आयोजित लोकरंग मेले में काम करने के लिए पहुंचे। उनके साथ 16 वर्षीय बेटी भी थी। मेले में भगवान सिंह मेवाड़ा अपने साथी के साथ आया और किशोरी को बहला फुसलाकर पार्किंग में ले गया। वहां पत्थर के पीछे आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट की। बाद में किशोरी को वापस मेले में छोड़कर चला गया। दहशतजदा किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी, लेकिन वह चुपचाप रहने लगी। उसकी तबीयत भी खराब हो गई। जब परिजन अस्पताल उपचार करवाने ले गए तब घटना का रहस्य खुला।

————-
श्यामला हिल्स थाने की पुलिस ने बिना कार्रवाई के भगाया

बेटी के साथ घटना की जानकारी होने पर परिजन उसको लेकर भोपाल के श्यामला हिल्स थाने पहुंचे। वहां पर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवानी चाही। पुलिस दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक बैठाए रही। बाद में बिना कार्रवाई के उनको भगा दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने उनको जान से मारने की धमकी दी। इससे परिजन भोपाल छोड़कर वापस मऊगंज आ गए।
————-

शून्य में मामला दर्ज

परिजनों ने मऊगंज थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। घटनास्थल भोपाल का था, जिस पर पुलिस ने बलात्कार व पाक्सो एक्ट की धारा के तहत शून्य में प्रकरण कायम किया है। उसे जांच के लिए भोपाल के श्यामला हिल्स थाने भिजवाया है। वहां पुलिस अब इस प्रकरण की आगे जांच करेगी।

————-

भोपाल पुलिस का तर्क- झूठा बयान देने को कहा गया था

भोपाल पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अपराध की पुष्टि नहीं हुई थी। पीड़िता ने बयान में कहा था कि उससे झूठे बयान दिलवाए जा रहे है, जिसकी रिकॉर्डिंग भी पुलिस के पास है। जिस पर आरोप है वह श्रमिक ठेकेदार है। बच्ची का पिता उसके अंडर में काम करता था।

————-
एक किशोरी अपने परिजनों के साथ मजदूरी करने भोपाल गई थी। वहां उसके साथ बलात्कार हुआ था। परिजनों ने मऊगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटनास्थल भोपाल का था, जिस पर शून्य में मामला दर्ज कर उसे जांच के लिए भोपाल भिजवाया है। वहां की पुलिस पूरे मामले की आगे जांच करेगी।

आशुतोष पाण्डेय, एएसपी मऊगंज

————-

Share.
Leave A Reply