रीवा। नगर परिषद सेमरिया के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी पद्मा कुशवाहा ने भाजपा प्रत्याशी आराधना विश्वकर्मा को 657 मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ कांग्रेस ने यह सीट भाजपा से छीन ली है। कांग्रेस प्रत्याशी पद्मा कुशवाहा को कुल 4348 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा की आराधना विश्वकर्मा को 3691 वोट मिले। उल्लेखनीय है कि पूर्व अध्यक्ष रानी विश्वकर्मा के निधन के बाद यह उपचुनाव कराया गया था।
सेमरिया नगर परिषद का यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा था। इससे पहले हुए विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। विधायक अभय मिश्रा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय माना जा रहा था। अब नगर परिषद अध्यक्ष और विधायक दोनों ही कांग्रेस से होने के कारण नगर के विकास कार्यों में राजनीतिक टकराव की स्थिति कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
चुनाव को लेकर माहौल काफी गर्म रहा। सत्ताधारी दल भाजपा ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी और जिले भर के नेताओं को प्रचार में लगाया गया था। वहीं कांग्रेस की ओर से आरोप लगाए गए कि सत्ताधारी दल को प्रशासनिक सहयोग मिला। चुनाव के दौरान बस्तियों में शराब और पैसे बांटने जैसे आरोप भी सामने आए, जिससे चुनाव लगातार सुर्खियों में बना रहा।
—





