Saturday, July 19

रीवा। प्रेमी की चाहत में मां अपने बेटे का कत्ल कर दिया। अवैध संबंधों का विरोध करने की कीमत 13 साल के बच्चे को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। जिन हांथों से बच्चे को गोद में खिलाया उसी हांथों से उसका गला घोंटकर दिया। हत्या का सच जब पुलिस के सामने आया तो उसे सुनकर खुद पुलिस के भी होश उड़ गए। मां और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

रीवा जिले के पनवार थाने के नष्टिगवां गांव निवासी आदित्य गुप्ता 13 वर्ष की 15 जुलाई को घर के समीप स्थित निर्माणाधीन मकान में लाश बरामद हुई थी, जिसकी किसी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने टीम गठित की थी।

थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय ने जब मां से पूछताछ की तो वह बार-बार अपने बयान बदल रही थी। संदेह होने पर पुलिस ने मां से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बेटे की हत्या करना स्वीकार कर लिया। महिला का अवैध संबंध जाहिर अली उर्फ मुन्ना पिता रहीम अली 45 वर्ष निवासी सेमरिया के साथ था। इस बात की जानकारी उसके बेटे आदित्य गुप्ता को हो गई थी जो उसका विरोध करता था।

घटना के एक दिन पूर्व महिला अपने प्रेमी से मिलने सतना जा रही थी जिसकी जानकारी होने पर पुत्र ने उसके साथ विवाद किया और उनके बीच काफी बहस हुई। घटना दिनांक को महिला अपने प्रेमी के पास से वापस घर लौटी तो फिर पुत्र के साथ उसका विवाद हो गया। इस बात की जानकारी महिला ने अपने प्रेमी को दी जिस पर प्रेमी ने उसको रास्ते से हटाने का आदेश दे दिया। महिला ने मां की ममता का घर में गला घोंट दिया और सूनसान देखकर बच्चे के शव को समीप ही स्थित निर्माणाधीन मकान में फेंककर आ गई। बाद में महिला ने खुद शोर मचाकर गांव वालों को एकत्र किया ताकि उस पर किसी को शक न हो। महिला के बयान के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
…..

सतना में बड़े पुत्र के साथ मजदूरी करता था पति, सालों से चल रहा था अनैतिक खेल
महिला के पति की दिमागी हालत खराब थी। वह अपने बड़े पुत्र के साथ सतना में रहकर मजदूरी करता था और कभी कभार अपने गांव आता था। इधर महिला अपने प्रेमी के साथ अनैतिक खेल खेलती थी। उनके बीच काफी समय से संबंध थे और अक्सर उसका प्रेमी घर आता था। बेटा जब तक छोटा था तब तक महिला को कोई दिक्कत नहीं हुआ लेकिन जब वह बड़ा होकर सारी बातें समझने लगा तो वह अपनी मां की हरकत का विरोध करने लगा। प्रेमी के प्यार में अंधी मां ने उसका गला घोंट दिया।
..
पुलिस को गुमराह करती रही महिला, प्रेम प्रसंग उजागर होने के बाद खुला राज
घटना के बाद महिला पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करती रही। उसने बताया कि पुत्र गांव से थोड़ी पर स्थित बाजार जाने के लिए निकला था जिसका शव उसने मकान में पड़े देखा। पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो बच्चे के बाजार जाने के कोई साक्ष्य नहीं मिले बल्कि महिला का प्रेम प्रसंग सामने आ गया। पुलिस ने प्रेम प्रसंग के संबंध में महिला से पूछताछ की तो हत्या का रहस्य सामने आ गया।
…..

एक बच्चे की पनवार थाना क्षेत्र में गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस घटना को उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। उनके बीच अवैध संबंध था जिसका बच्चा विरोध करता था जिस पर महिला ने उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
विवेक लाल, एएसपी देहात रीवा

Share.
Leave A Reply