रीवा। शहर के उपरहटी मोहल्ले की एक घटना बड़ी सीख देकर चली गई। यहां एक बंदर करंट की चपेट में आकर मकान की छत से नीचे गिर पड़ा और सड़क पर अचेत अवस्था में तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोग मदद के इंतजार में खड़े रहे और नगर निगम की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई, लेकिन टीम के पहुंचने में देर हो गई। इसी बीच जो दृश्य सामने आया, उसने हर किसी को सबक देने का प्रयास है।

घायल बंदर की हालत देख कुछ ही देर में उसके साथी बंदरों का झुंड वहां इकट्ठा  हो गया। मानो उन्हें अपने साथी का दर्द महसूस हो गया हो। बंदरों ने पहले उसे चारों ओर से घेर लिया, फिर कुछ बंदरों ने मिलकर अचेत पड़े साथी को बड़ी सावधानी से उठाया और उसे सड़क से वापस छत पर ले गए। यह नजारा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था।

बंदरों का झुंड काफी देर तक अपने घायल साथी के पास बैठा रहा, जैसे उसकी सुरक्षा कर रहा हो और उसके होश में आने का इंतजार कर रहा हो। वहां मौजूद लोग यह दृश्य देखकर भावुक हो उठे। लोगों ने इसके वीडियो और फोटो भी बनाए। वार्ड के पूर्व पार्षद लखनलाल खंडेलवाल ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली तो नगर निगम की टीम को सूचित किया। टीम जब तक पहुंचती उसके पहले ही अन्य बंदर उसे उठाकर ले गए। निगम की टीम ने कई छतों पर जाकर देखने का प्रयास किया लेकिन बंदर दूर जा चुके थे। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि उसकी मौत हो गई या फिर जिंदा है।

Share.
Leave A Reply