Thursday, July 17

 weather report today
रीवा। शहरवासियों को सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। आसमान साफ और सूर्य की तीव्र किरणों ने शहर को तपाए रखा। सुबह से ही तापमान में तेज़ी देखी गई, जो दोपहर तक अपने चरम पर पहुंच गया। गर्म हवाओं के बीच लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। दिन का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस सीजन का एक सामान्य से थोड़ा अधिक तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन के दौरान धूप इतनी तेज थी कि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम नजर आई और बाजारों में भी सामान्य से कम चहल-पहल रही। सुबह दस बजे ही 36 डिग्री के पार तापमान पहुंच गया था। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 3 बजे के बाद आसमान में धीरे-धीरे बादल घिरने लगे और फिर तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं की रफ्तार करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे मापी गई। इसके कुछ ही देर बाद शहर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। तेज हवा और बूंदाबांदी के कारण शाम तक मौसम काफी सुहावना हो गया।

तापमान में थोड़ी गिरावट आई और वातावरण में ताजगी महसूस की गई। लोगों ने पार्कों और खुली जगहों पर राहत भरी हवा का आनंद लिया। बच्चों ने भी खेल के मैदानों में समय बिताया। हालांकि यह राहत स्थायी नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक मौसम मुख्यत: शुष्क बना रहेगा। आंशिक बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है। साथ ही अनुमान लगाया गया है कि तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि संभव है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी एक बार फिर जोर पकड़ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव स्थानीय दबाव और आद्र्रता में उतार-चढ़ाव के कारण हुआ है। मई के अंतिम सप्ताह में लू चलने की भी संभावना जताई जा रही है, जिसके लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share.
Leave A Reply