रीवा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से किए गए खुलासे के बाद कांग्रेस ने अब वोट चोरी नाम का अभियान प्रारंभ कर दिया है। इसमें पहला प्रदर्शन रीवा के पद्मधर पार्क में आयोजित किया गया। जहां पर प्रदेश के कई हिस्सों के प्रमुख नेता शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में अली बाबा 40 चोर की सरकार है। यदि हिम्मत है तो सरकार के सभी मंत्री प्रेस कांफ्रेंस कर कहें कि पूरी ईमानदार सरकार है, कहीं भ्रष्टाचार नहीं है।
वोट चोरी कर भाजपा सरकारें बना रही है। लोकतंत्र में सबको एक वोट देने का अधिकार है लेकिन भाजपा के लोग दस वोट डाल रहे हैं। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, यह लोकतंत्र में मिले अधिकार की लड़ाई है। यदि आज नहीं बोलेंगे तो आने वाली पीढ़ी से उसके सभी अधिकार छीन लिए जाएंगे। वोट चोरी आंदोलन की शुरुआत रीवा से हो गई है, इसे प्रदेश भर में क्रमबद्ध तरीके से चलाएंगे। गांव-गांव लोगों को बताएंगे। नेताओं से आह्वान किया कि सरकार बनाना है तो सभी को एक साथ आवाज उठानी होगी।
पटवारी ने कहा राहुल गांधी कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं, इसलिए हम सबको उसी तरह मेहनत करने की जरूरत है। मोदी सरकार ने संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया है, इसी का उदाहरण है कि चुनाव आयोग उनके इशारे पर चल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी की बात करते हैं तो जवाब देने के बजाए सरकार गिरफ्तारी कराती है। मध्यप्रदेश में भी 30 से 60 सीटों में वोट चोरी हुई है, इस पर जल्द ही सीटों के नाम का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि एक ओर पारदर्शी व्यवस्थाओं की मांग हो रही है, वहीं चुनाव आयोग जानकारी छिपा रहा है। प्रदेश में जो सही बोलेगा उस पर प्रकरण दर्ज होगा। रीवा मादक पदार्थों का गढ़ बन चुका है, यहां स्थानीय नेता उप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्थाएं नहीं संभाल पा रहे हैं। अस्पतालों में नकली दवाएं मरीजों को दी जा रही हैं।

हम थक गए, अब जनता को लडऩा पड़ेगा : अजय
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कहा कि हम सब कई वर्षों से आवाज उठा रहे हैं, सरकार अपनी मनमानी किए जा रही है। हम सब अब थक गए हैं, वोट चोरी जनता से जुड़ा सीधा मुद्दा है, इसलिए जनता को ही आगे आकर लडऩा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर लड़ता है लेकिन चुनाव के समय वोट चोरी हो जाती है। चुनाव के समय शिवराज भी कह रहे थे बराबर का मुकाबला है लेकिन परिणाम एकतरफा रहे। सिंह ने लक्ष्मणबाग संस्थान की भूमि बेचे जाने का विरोध किया और कहा कि अब मैहर जिले का हिस्से भी रीवा में मिला रहे हैं, उसे भी भाजपा के नेता बेचेंगे।

खाद-बिजली के संकट में किसान : कमलेश्वर
सीडब्ल्यूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल ने कहा कि किसानों के सामने खाद-बिजली की बड़ी समस्या है। महंगी खाद बेची जा रही है। कृषि यंत्रों में मनमानी जीएसटी लगा दी गई है। पूरे प्रदेश में आवारा मवेशियों की समस्या बनी हुई है। जिन वायदों के साथ यह सरकार आई थी उन्हें पूरा नहीं कर पाई है। प्रदेश में स्कूलें एक ओर बंद हो रही हैं, वहीं शराब दुकानें लगातार बढ़ रही हैं। मेडिकल नशे का कारोबार चरम पर है। इस सरकार के विरोध में सड़क पर आना होगा।
—-
मैहर जिले का हिस्सा रीवा में जोडऩे की क्या जरूरत
सतना के विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने रीवा के भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि मैहर जिले के मुकुंदपुर सफारी सहित छह पंचायतों को रीवा में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सब भाजपा अपनी मर्जी से कर रही है। इसलिए आने वाले दिनों में जनता के लिए बड़ा संकट होगा, इसका विरोध जरूरी है।

ये नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
न्याय सत्याग्रह और वोट चोरी आंदोलन में विधायक राजेन्द्र सिंह, लखन घनघोरिया, अभय मिश्रा, ओंकार मरकाम, फुंदेलाल मार्को, दिनेश गुर्जर, सिद्धार्थ कुशवाहा, सुखदेव पांसे, महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा पटेल, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा सहित कई अन्य नेता शामिल हुए।

Share.
Leave A Reply