Sunday, February 8

 रीवा। जेल में बंद भाई से मिलने आई दो बहनों का पर्स परिसर से किसी ने पार कर दिया। पीडि़त महिलाएं काफी देर तक जेल परिसर में भटकती रही। बाद में वे स्थानीय लोगों की मदद से थाने पहुंची जहां घटना की शिकायत दर्ज कराई है। सीधी में रहने वाली प्रीति रजक अपनी छोटी बहन के साथ जेल में बंद भाई से मिलने आई थी। मुलाकात कक्ष में जाने से पहले जेल कर्मचारी ने उनके पर्स व मोबाइल बाहर रखवा दिये थे। उसके बाद महिलाएं अंदर अपने भाई से मिलने चली गई।

मुलाकात के बाद वे वापस लौटी तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिसर में रखे दोनों के पर्स गायब थे। उसमें नकद रुपए के अलावा मंगलसूत्र, दस्तावेज सहित अन्य सामान रखा हुआ था। उन्होंने जेल की महिला कर्मचारी से पूछा तो उन्होंने कोई भी जानकारी होने से हाथ खड़े कर दिये। पीडि़त महिलाएं रोती बिखलती काफी देर तक भटकती रही। बाद में जब स्थानीय लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों महिलाओं को बिछिया थाने भिजवाया। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी जिस पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अब जेल में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक कर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पीडि़त महिलाओं के पास घर जाने के लिए रुपए तक नहीं बचे थे जिस पर थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने उनको घर जाने की व्यवस्था कराई। उन्होंने बताया कि महिलाएं जेल में अपने भाई से मिलने आई थी जिस पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जेल के सीसीटीवी कैमरे चेक किये जा रहे हैं।

अव्यवस्थित ढंग से रखवाया जाता है सामान
जेल में जब परिजन मिलने किसी बंदी से मिलने के लिए आते हैं तो उनका बैग, मोबाइल सहित सारा सामान बाहर ही रखवा दिया जाता है। वहां पर महिला कर्मचारी भी ड्यूटी करती हैं। परिजनों के सामान अव्यवस्थित ढंग से रखवाए जाते हैं। कौन सी महिला किसका पर्स लेकर जा रही है इसकी जानकारी कर्मचारियों को भी नहीं होती है। यदि परिसर में टोकन सिस्टम करवा दिया जाए तो लोगों का सामान काफी हद तक सुरक्षित रहेगा।

Share.
Leave A Reply