रीवा। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना में रीवा से सीधी तक रेलवे ट्रैक का कार्य मार्च महीने के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अगामी अप्रेल महीने में सीधी तक ट्रेन पहुंचाने की तैयारी है। इसको लेकर शुक्रवार को शहर के सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की गई। जिसमें रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय के साथ ही कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए और प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति के साथ ही आने वाले समय में कार्ययोजना को लेकर जानकारी दी।
पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने बैठक में बताया कि 31 मार्च तक सीधी तक रेलवे लाइन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गोपद नदी से सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया जारी है तथा सिंगरौली तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य दिसंबर 2028 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। सतना से पन्ना जिले के सकरिया तक मार्च माह तक रेलवे लाइन बिछाई जाएगी, जबकि पन्ना से अजयगढ़ और अजयगढ़ से खजुराहो तक लाइन बिछाने में लगभग 18 माह का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में वन विभाग से अनुमति लंबित है।
महाप्रबंधक ने यह भी जानकारी दी कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन को वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोविंद वल्लभ पंत शील्ड से सम्मानित किया गया है। बैठक में संभागीय कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर रीवा प्रतिभा पाल, कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पश्चिम मध्य रेलवे एमएस हाशमी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
—–
रेवांचल एक्सप्रेस को सीधी तक चलाने की तैयारी
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सीधी-सिंगरौली हाइवे और रेलवे परियोजना के पूर्ण होने से नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होगा तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। लक्ष्य के अनुसार 2028 तक सीधी से सिंगरौली तथा पन्ना से खजुराहो तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। अप्रेल माह तक रीवा से सीधी रेलवे स्टेशन तक का निर्माण पूरा किया जाए, जिससे रेवांचल एक्सप्रेस का विस्तार सीधी तक किया जा सके। इस परियोजना के पूर्ण होने से विंध्य और बुंदेलखण्ड के आर्थिक विकास में तेजी आएगी।
—
रेलवे के अधिकारी कलेक्टर की टीम बैठक में आएंगे
बैठक में यह भी तय हुआ है कि रेलवे के अधिकारी प्रत्येक सोमवार को सीधी और सिंगरौली कलेक्ट्रेट में आयोजित टीएल बैठक में उपस्थित होकर भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण कराएंगे। कलेक्टर प्रत्येक सप्ताह परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुआवजा प्राप्त करने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति कार्य में बाधा डालता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में बताया गया कि सीधी से गजरही तक भू-अर्जन का कार्य पूर्ण हो चुका है। गजरही से गोपद नदी तथा सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इन खंडों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और भू-अर्जन पूरा होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
—-
सांसदों ने भी रखी अपनी बातें
– जनार्दन मिश्रा सांसद रीवा— रीवा रेलवे स्टेशन में मेंटेनेंस डिपो के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाए, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन रीवा से हो सके। स्टेशन पर चल रहे अन्य कार्यों को भी समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
– डॉ. राजेश मिश्रा, सांसद सीधी — इस वर्ष सीधी तक ट्रेन पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि होगी। सिंगरौली तक रेलवे निर्माण कार्य को तेज करने तथा सिंगरौली-ब्यौहारी रेलवे लाइन में संजय टाइगर रिजर्व को बायपास करने के लिए प्रस्तावित 45 किलोमीटर नवीन दोहरी रेलवे लाइन के भू-अर्जन कार्य शीघ्र पूरा होना चाहिए।





