रीवा। मई की तपिश ने शक्रवार को अपना सबसे उग्र रूप दिखाया। इस मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जब अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री पर दर्ज किया गया। दिनभर लू जैसे हालात रहे, जिससे शहरवासी बेहाल हो उठे। गर्मी का असर इतना रहा कि दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल देखने को मिला। आमतौर पर चहल-पहल वाले बाजार भी दोपहर के वक्त लगभग खाली नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार रीवा सहित विंध्य अंचल के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को दिनभर सूरज ने आग उगली और गर्म हवाओं ने शरीर झुलसा दिए। नमी की कमी और लगातार गर्म हवाएं इस भीषण गर्मी की मुख्य वजह रहीं। आने वाले कुछ दिनों तक रात में भी मौसम राहत नहीं देगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि रात के समय भी गर्म हवाएं चलेंगी और तापमान 30 डिग्री से नीचे नहीं जाएगा। शुक्रवार को गर्मी के कारण लोग दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों में ही रहे। रिक्शा, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों की संख्या भी कम हो गई। अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढऩे लगी है। नगर निगम ने भी लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें और खुद को हाइड्रेट रखें।