रीवा। जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के दिन घोड़ी चढ़ने की तैयारी कर रहे दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है, जहां बलात्कार के एक मामले में फरार आरोपी की शादी बुधवार को तय थी। बारात जैसे ही जनमासा पहुंची, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी भारत साकेत पिता विश्वनाथ साकेत (32 वर्ष), निवासी भदोह थाना गढ़, जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 के बीच एक युवती का शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने मार्च 2025 में विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी तब से फरार चल रहा था और दूसरी जगह शादी रचाने की तैयारी में था। पुलिस को सूचना मिली कि बुधवार को आरोपी की बारात गढ़ से रीवा आ रही है। जैसे ही बारात जनमासा पहुंची, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लड़की पक्ष में मातम छा गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
—
पुलिस का बयान:
“बलात्कार के एक मामले में फरार आरोपी को सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शादी करने रीवा आया था। विधिक प्रक्रिया के तहत उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।”
— आरती सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रीवा