Bhojshala Dhar
भोपाल। वसंत पंचमी के अवसर पर धार के भोजशाला परिसर में पूजा और नमाज को लेकर बने तनाव के बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्सव जैसा माहौल देखा गया है। वसंत पंचमी के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही यहां पर जोरों पर है। मंदिर परिसर के आसपास भगवा ध्वज नजर आ रहे हैं। कोर्ट ने सुबह से शाम तक हिन्दुओं को पूजा करने का अवसर दिया है तो वहीं मुस्लिम भी दोपहर में नमाज पढ़ सकेंगे।
प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के लिए आवाजाही के लिए अलग मार्ग निश्चित किया है जिससे किसी तरह के टकराव की स्थिति नहीं बने। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। साथ ही भोपाल से अधिकारियों की इस पर नजर बनी हुई है।

मालवा क्षेत्र में भोजशाला के समर्थन में हिंदू वीरों की यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों, डीजे और भगवा झंडों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान माहौल धार्मिक उत्साह और जयकारों से गूंज उठा। यात्रा का उद्देश्य भोजशाला से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरूकता फैलाना बताया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर भी शामिल हुईं। उन्होंने यात्रा में भाग लेकर आयोजकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।





