भोपाल। रीवा जिले के कुख्यात हिस्ट्रीसीटर बदमाश कुलदीप पटेल पर भोपाल में जानलेवा हमला हुआ है। बीच सड़क पर बदमाशों ने उस पर राड, डंटे और हथौड़े से हमला किया और भाग गए। कुलदीप पटेल को इस हमले में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
भोपाल शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े पॉश इलाकों में भी खून खराबा करने से नहीं डर रहे। कोलार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 11 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दो एसयूवी से रेकी कर रहे बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ रीवा निवासी हिस्ट्रीशीटर कुलदीप सिंह को घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। नकाबपोश हमलावरों ने पहले एसयूवी से उसे बाहर खींचा और फिर रॉड व हथौड़े से बहुत ही बेरहमी से पीटा।
इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके हाथ और पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस के अनुसार रीवा निवासी कुलदीप सिंह नेताजी हिल्स में किराए के मकान में रह रहा है। रविवार को वह एसयूवी वाहन से कथित तौर पर मंगेतर से मिलने जा रहा था।
जिसका पहले से ही पीछा कर रहे दो एसयूवी सवार हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से कोलार थाना क्षेत्र के साईंनाथ कॉलोनी के समीप एक एसयूवी कुलदीप के वाहन के आगे अड़ा दिया और दूसरी पीछे लगाा दिया। जैसे ही वह रुका हमलावर नीचे उतरे और कुलदीप को उसकी एसयूवी से नीचे सडक़ पर खींच लिया। छह की संख्या में हमलावरों ने बीच सडक़ रॉड और हथौड़े से सिर, पैर, हाथ और शरीर के दूसरे अंगों में ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद सडक़ पर मरणासन्न हालत में उसे छोडकऱ वाहन लेकर फरार हो गए।
———————
फुफेरे भाई ने दर्ज कराई एफआईआर
घायल कुलदीप के फुफेरे भाई अशमित प्रताप सिंह निवासी कोटर जिला सतना ने एफआईआर दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि हमला रंजिश से जुड़ा होना पाया जा रहा है। कुलदीप के दुश्मनों के नाम का पता लगाया जा रहा है। वारदात में शामिल वाहनों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज जुटाए गए हैं।
—
जमानत पर है कुलदीप
नृशंस घटना का शिकार कुलदीप हिस्ट्रीशीटर है। कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी से जुड़ा लग रहा है। कुलदीप के खिलाफ रीवा और जबलपुर के थानों में हत्या, मारपीट, रंगदारी, बलवा और अवैध हथियार रखने जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले मामले दर्ज हैं। रीवा के अधिवक्ता घनश्याम सिंह के नाती की हत्या के मामले में वह गिरफ्तार हुआ था। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद से भोपाल में रह रहा था।
बताया गया है कि कुलदीप अकबर पुर क्लीनिक के लिए निकला था। हमलावरों ने उसकी गाड़ी साईंनाथ नगर-सीआई पार्क रोड पर रोक दी। बीच सडक़ हुए ताबड़तोड़ हमले के दौरान दोनों ओर जाम लग गया और बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए पर किसी ने भी हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं की। इसका वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी बेरहमी से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक युवती के चीखने की आवाज भी आ रही थी। इस वारदात से कोलार ही नहीं शहर के दूसरे इलाके भी सहम गए।





