Rewa to New Delhi flight Alliance Air
रीवा। रीवा से नई दिल्ली के लिए हवाई सेवा को लेकर शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया। जिसमें पहली उड़ान दस नवंबर को दोपहर 12.05 बजे होगी। एलाइंस एयर कंपनी की प्लेन रीवा से उड़ान भरकर दो घंटे 15  मिनट का समय लेकर दोपहर 2.20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसका किराया 3680 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं सीनियर सिटीजन के लिए किराया 2998 रुपए निर्धारित किया गया है।

जारी किए गए शेड्यूल में दस नवंबर के बाद 11 नवंबर, 13 नवंबर, 15 नवंबर, 17 नवंबर की तारीख बताई गई है। इसके बाद सप्ताह में तीन दिन इसका संचालन होगा, जिसमें मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को रीवा से दिल्ली के लिए रवाना होगा। दिल्ली से रीवा का किराया 3734 रुपए निर्धारित किया गया है। दिल्ली से यह प्लेन सुबह 8.30 बजे चलेगी और सुबह 11.05 बजे रीवा पहुंचेगी। एयरपोर्ट का निर्माण होने के करीब एक वर्ष के बाद एटीआर-72 विमान के उड़ान की सुविधा शुरू हो रही है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी उत्साह बताया जा रहा है। बीते कई दिनों से प्लेन शुरू होने की चर्चा थी, जिसको लेकर लगातार लोग इंटरनेट पर टाइमिंग की जानकारी सर्च कर रहे थे।
—-
रीवा से इंदौर का भी प्रस्ताव
रीवा से दो उड़ाने प्रस्तावित हैं। जिसमें रीवा से नई दिल्ली की शुरुआत जल्द होने जा रही है लेकिन रीवा से इंदौर के लिए अभी समय लगेगा। यह उड़ान इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, माना जा रहा है कि जनवरी महीने के पहले सप्ताह में संचालन शुरू हो जाएगा। इस संबंध में एयरपोर्ट अथारिटी के डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है कि रीवा से इंदौर के बीच प्लेन दिसंबर महीने में ही चलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका भी शेड्यूल जारी होगा।
==========

Share.
Leave A Reply