रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के दिव्यगवां में 6.17 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए बिरसामुंडा कालेज भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दिव्यराज सिंह के मांग पत्र पर कई घोषणाएं मंच से मुख्यमंत्री ने की। जनपद मुख्यालय जवा में अब नगर परिषद का गठन होगा। वहीं बैकुंठपुर में खोले गए शासकीय महाविद्यालय को नया भवन देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।
चौखंडी में संदीपनि विद्यालय, सिंचाई योजना के तहत विकासखंड जवा के ग्राम छतैनी, हरदोली, गहिलवार, बौसड़, दोंदर, लोहगढ़, बौसड़वा, जतरी कोटवा, डभौरा, अकौरिया, मगडौर तथा घूमन की कृषि भूमि को सिंचित योग्य बनाने के लिए नहरों से जोडऩे तथा चिन्हित स्थानों पर स्टाप डैम के साथ ही नहरों का निर्माण किए जाने की घोषणा की। गुरगुदा के पास के दो गांवों को मिलाकर नई पंचायत का गठन करने की भी घोषणा की गई। कई बड़ी घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो पांच साल लगातार इस क्षेत्र का विकास करना है, जो रह गया है उसे अगले दौरे पर देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का कोई भी गांव पानी के संकट में नहीं रहेगा। नदी जोड़ो परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। जिले के 501 खेत तालाबों व 5 एकड़ में लगाए जाने वाले मुनगा वन का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 50 करोड़ 73 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कहा कि दिव्यगवां का कालेज भवन देखकर आनंद की अनुभूमि हो रही है, यह भोपाल-इंदौर को भी पीछे छोड़ रहा है। कहा कि मंत्री रहते इसकी स्वीकृति दी और मुख्यमंत्री के रूप में लोकार्पण करना सुखद अनुभव है। सिरमौर क्षेत्र के लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उन्हें पानी की सुविधा दे रही है, कृषि के साथ पशुपालन भी करें उसमें भी अनुदान मिलेगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने लिए हमारी सरकार गौपालन को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र अतुल सिंह को कुश्ती व नीतू पाल को शतरंज में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति मनगवां, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता रीवा, डॉ राजेंद्र मिश्रा मऊगंज, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, केपी त्रिपाठी, राजेश पांडेय, प्रज्ञा त्रिपाठी, भूपेन्द्र सिंह सहित कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीआईजी राजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर सहित अन्य मौजूद रहे। मंच का संचालन इंजीनियरिंग कालेज के प्रो. संदीप पांडेय ने किया।
—
अब भैंस भी आरओ का पानी पिएगी : सांसद
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि रीवा के कई हिस्सों में पेयजल का संकट होता रहा है। अब जलजीवन मिशन से हर गांव में पानी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पहले जहां आदमी पानी के लिए परेशान होता था, वहीं अब भंैस भी आरओ का पानी पीएगी। क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खुशहाली आएगी।
—
इस कालेज ने बेटियों के सपने को साकार किया : शुक्ला
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि इस अंचल के लिए महाविद्यालय के नवीन भवन की स्थापना एक महत्वपूर्ण सौगात है। इसके बन जाने से उच्च शिक्षा सुगम हो सकेगी तथा बेटियों को पढऩे के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। यहां तीन हजार छात्र हैं जिसमें ८० प्रतिशत छात्राएं हैं। इसकी सार्थकता जाहिर हो रही है, क्षेत्र की बेटियों को पढ़ाई में कोई संकट नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि सोन नदी के पानी से त्योंथर फ्लो के पूर्ण हो जाने पर यह क्षेत्र संपन्न हो जाएगा और यहां के किसान धरती से दौलत पैदा करेंगे।
—
उपेक्षित रहे क्षेत्र को सरकार ने दी विकास की रफ्तार : दिव्यराज
सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि रीवा जिले के आखिरी छोर में स्थित दिव्यगवां को कॉलेज भवन का मिलना एक बहुत बड़ी सौगात है। पूर्व में यह क्षेत्र विकास में काफी पिछड़ा था लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद से यहां विकास को गति मिली है। उन्होंने बताया कि बाणसागर की नहरें विकसित हो रही हैं, क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा। जलजीवन मिशन का भी बड़ा काम इस क्षेत्र में हो रहा है। विधायक ने क्षेत्र की जरूरतों से जुड़ा मांग पत्र भी सीएम को सौंपा, जिसमें कई घोषणाएं मुख्यमंत्री ने की है।
—
———-
इन कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी दिव्यगवां में किया। जिसमें 47 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए के 5 कार्यों का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 75 लाख 29 हजार रुपए के दो कार्योंं का शिलान्यास किया। मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा 6 करोड़ 17 लाख 82 हजार रुपए की लागत से बनाए गए बिरसा मुण्डा महाविद्यालय भवन दिव्यगवां का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 93 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनाए गए भगवान बिरसा मुण्डा सामुदायिक भवन तथा विधानसभा क्षेत्र मनगवां में राष्ट्रीय राजमार्ग से तिवनी जंक्शन पर बनाए गए सिक्स लेन ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। इनकी लागत 14 करोड़ 85 लाख रुपए है। समारोह में मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से बनाए गए सिरमौर-क्योटी नवीन सड़क तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बनाए गए 501 खेत तालाबों का लोकार्पण किया। इनकी लागत 7 करोड़ 50 लाख रुपए है। लोक निर्माण विभाग द्वारा एक करोड़ 39 लाख 29 हजार रुपए की लागत के हाईस्कूल भवन अतरैला तथा एक करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे एसडीएम कार्यालय जवा का शिलान्यास किया। साथ ही दिव्यगवां ग्राम में ही 5 एकड़ में प्रस्तावित मुनगा के पौधरोपण कार्य की भी औपचारिक शुरुआत की।
————