रीवा. प्रेमिका के घर में नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया उसके फंदा लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शव का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। घटना गुढ़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाले नाबालिग का प्रेम प्रसंग गुढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी के साथ चल रहा था। वह प्रेमिका से मिलने उसके घर आया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। लड़की के घर वालों ने उसके फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी है। उन्होंने चद्दर को काटकर उसे नीचे उतार लिया था लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नाबालिग का किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग चलता था और वह उससे शादी करना चाहता था लेकिन उसने शादी करने से इंकार कर दिया था। घटना के दिन भी वह किशोरी से मिलने आया था और उनके बीच शादी को लेकर विवाद हुआ।
…..
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद परिजनों ने उसकी हत्या का संदेह का व्यक्त किया है। परिजनों के मुताबिक उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई और बाद में उसे आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों ने कार्रवाई होने तक पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। इस वजह से 24 घंटे से अधिक समय तक शव मर्चुरी में रखा रहा। शुक्रवार को पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद वे शव का पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुए।
…..
एक नाबालिग की किशोरी के घर में मौत हो गई थी। फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी गई है। दोनों बीच प्रेम प्रसंग होने की बात भी सामने आई है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
-हिमाली पाठक, डीएसपी हेडक्वार्टर
….
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
एक अन्य घटना में युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सिटी कोतवाली थाने के धोबिया टंकी निवासी रवि कुमार पिता सुरेंद्र कुमार (25 वर्ष) ने शुक्रवार को अपने घर में फंदा लगा लिया। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह लटक रहा था। तत्काल रस्सी काटकर परिजनों ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।