Monday, September 15

रीवा। शांति के टापू कहे जाने वाले रीवा जिले से सामाजिक सौहार्द को चोट पहुंचाने वाली एक बड़ी व चिंताजनक घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोरगी में स्थित प्रसिद्ध गाजी मियां की प्राचीन दरगाह में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा गंभीर तोडफ़ोड़ कर दी गई। यही नहीं, दरगाह की गुंबद पर भगवा झंडा भी फहरा दिया गया है। घटना की जानकारी होते ही इलाके में आक्रोश और तनाव फैल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दरगाह न केवल मुस्लिम समाज बल्कि हिंदू समुदाय की आस्था का भी केंद्र रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कृत्य ने न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे की सोची-समझी कोशिश भी की गई है। बताया गया है कि असामाजिक तत्वों ने पहले दरगाह के बाहर स्थित चबूतरे को तोड़ा, फिर अंदर बने मकबरे को क्षतिग्रस्त कर दरगाह की गुंबद पर भगवा झंडा लगा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही दरगाह के खादिम की शिकायत पर अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्राथमिक जांच एवं पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तोडफ़ोड़ वाले स्थान पर मरम्मत भी शुरू करा दिया है। उस क्षेत्र में लोगों को जाने से रोका जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि स्थिति शांतिपूर्ण हो रही है।


पहले भी दे गए थे धमकी
मजार की देखभाल करने वाले सुभान खान बताते हैं कि घटना के दो दिन पहले भी कुछ युवक गांव के आए थे और तोडफ़ोड़ की धमकी देकर गए थे। तब गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी गई थी। उस दौरान गांव के अन्य लोगों ने कहा कि वह समझाइश देंगे, मामले को शांत कराया था। अब फिर से बीती रात तोडफ़ोड़ कर भगवा झंडा लहरा गए हैं।

धार्मिक स्थल पर तोडफ़ोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। इस पर पुलिस बल तैनात है और गांव वालों के सहयोग से फिर से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। गांव में शांति बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं।
अनुराग तिवारी, एसडीएम गुढ़

Share.
Leave A Reply