रीवा। मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कई लोगों ने पूरनलाल पटेल पर हमला कर दिया, जिसे बचाने आए उनके पिता रघुवीर पटेल (55) पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल नौ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां गंभीर रूप से घायल रघुवीर पटेल की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर सची पाठक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक पक्ष ने 18 से अधिक लोगों को आरोपी बताया है, जिनमें से चार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। विवाद की जड़ एक युवक और किशोरी के कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

बीते साल होली के दिन ही हुआ था गडऱा कांड
मऊगंज जिले में ही बीते साल होली के दिन गडऱा गांव में बड़ा वर्ग संघर्ष हुआ था, जिसमें एक युवक के साथ ही पुलिस कर्मी की भी हत्या कर दी गई थी। साथ ही कई अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई थी। गडऱा गांव में आदिवासी बस्ती में गांव के ही सनी द्विवेदी नाम के युवक को बंधक बनाकर पीटा गया, इसकी सूचना पर पुलिस बस्ती में पहुंची लेकिन आरोपियों ने दरवाजा काफी देर से खोला, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। इस पर कुछ पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन पूरी बस्ती के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में तहसीलदार सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसमें एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई थी। दो मौतों के बाद से गांव में तनाव बढ़ा और मामला मुख्यमंत्री तक जा पहुंचा। जहां से डीजीपी कैलाश मकवाना सहित कई अन्य अधिकारी गांव आए। कई दिनों तक गांव में सनाका खिंचा रहा। अभी भी गांव के हालात सामान्य नहीं हैं, वहां पर धारा 163 लागू है।
Share.
Leave A Reply