रीवा। गांव से एक साथ चार लड़कियों के गायब होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सभी स्थानों के सीसीटीवी कैमरे चेक किये। लड़कियों को पुलिस ने ट्रेन में बरामद किया है जो मुम्बई जा रही थी। चारों लड़कियों के सुरक्षित मिलने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
सेमरिया थाना क्षेत्र से सोमवार की दोपहर चार लड़कियां एक साथ गायब हुई थी। वे घर से गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने की बात बोलकर निकली थी जिसके बाद वापस लौटकर नहीं आई। परिजनों ने उनकी पूरे गांव में तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चलने पर सांयकाल थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। एक साथ चार लड़कियों के गायब होने से हड़कंप मच गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने तत्काल थाना प्रभारी श्रंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित कर उन्हें बरामद करने के निर्देश दिये। पुलिस लड़कियों की फोटो लेकर सतना रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां सीसीटीवी कैमरे में लड़कियां नजर आई जो हावड़ा मुम्बई मेल ट्रेन में सवार हो रही थी। तत्काल ट्रेन के संबंध में जानकारी जुटाई गई और गडऱवारा थाना और जीआरपी को सूचना दी गई।
रात करीब पौने दस बजे ट्रेन जब गडऱवारा रेलवे स्टेशन में पहुंची तो जीआरपी पुलिस ने जरनल कोच से चारों लड़कियों को बरामद कर लिया। उनको ट्रेन से नीचे उतरकर सेमरिया पुलिस को सूचना दी जिस पर सेमरिया पुलिस गडऱवारा पहुंची और उनको सुरक्षित बरामद कर थाने ले आई। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कराए है जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
–
थाने में दी गई काउंसिलिंग
उक्त लड़कियों को थाने लाने के बाद पुलिस ने बयान दर्ज कराए जिसमें वे घूमने और काम के सिलसिले में मुम्बई जाने की जानकारी दे रही थी। पुलिस ने लड़कियों को काऊसलिंग दिलवाई और भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने की समझाईश दी। उनके कथन कराए गए और बाद में सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। इसके साथ ही परिजनों को भी बच्चों की बातें सुनकर उन्हें सही और गलत की जानकारी देने की समझाईश दी है।
—-
- चार लड़कियां एक साथ गायब हो गई थी। तत्काल उनकी तलाश में सर्च आपरेशन शुरू किया गया। सतना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से उनके ट्रेन में सवार होने की जानकारी मिली जिस पर जीआरपी और गडऱवारा थाने की पुलिस की मदद से उनको बरामद किया गया है। उन्हें सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।
विवेक लाल, एएसपी रीवा