Amarpatan janpad ceo case
भोपाल।. मैहर जिले की जनपद पंचायत अमरपाटन की अध्यक्ष भाजपा नेत्री माया पाण्डेय को गोली मारने की धमकी देने वाले जनपद पंचायत सीईओ ओपी अस्थाना को पन्ना जिले की पुलिस ने राजादहार देवेंद्रनगर के पास से गिरफ्तार किया है। सीईओ को गिरफ्तार करने के बाद मैहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सीईओ कार्रवाई की भनक लगते ही भागने का प्रयास कर रहे थे। मैहर पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
मैहर पुलिस को मुखबिर से शुक्रवार सुबह 9 बजे सूचना मिली कि अमरपाटन जनपद पंचायत के सीईओ ओपी अस्थाना फरार होने की नीयत से अमरपाटन, मैहर, नागौद, देवेंद्रनगर से पन्ना की ओर जा रहे है। सीईओ सुबह 8:30 बजे चालक के साथ पन्ना की ओर रवाना हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई पर तब तक सीईओ मैहर और सतना जिले की सीमा को पार कर चुके थे। ऐसे में मैहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पन्ना पुलिस से सीईओ को पकड़ने कार नबंर के साथ फोटो साझा किया। यह सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस चौकन्नी हुई। लेकिन तब तक सीईओ देवेंद्रनगर को पार कर चुके थे। ऐसे में सीईओ को पकड़ने दो टीम भेजी गई, एक टीम देवेंद्रनगर से पन्ना और दूसरी टीम पन्ना से देवेंद्रनगर की ओर रवाना की गई। देवेंद्रनगर की टीम ने राजादहार के पास सीईओ की कार को ओवर टेक कर रोका। तब तक पन्ना की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सीईओ को गिरफ्तार कर पन्ना की ओर लाया जा रहा था, तब तक मैहर की पुलिस भी पहुंच गई। सीईओ को गिरफ्तार करने के बाद सतना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
—————————-
कार्रवाई की भनक लगते ही भागे
जनपद पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर सीईओ को अमरपाटन से हटाने के साथ पुलिस ने जांच भी शुरु कर दी थी। सीईओ ओपी अस्थाना ने गिरफ्तारी की भनक लगते ही कार सेचालक के साथ मौके से भाग खड़े हुए। इधर अमरपाटन पुलिस भी चौकन्नी थी। उसे सीईओ के भागने की पहले से ही शंका थी। अमरपाटन से भागने की सूचना मिलते ही मैहर पुलिस सक्रिय हुई।
—-
अमरपाटन जपं अध्यक्ष को गोली मारने की धमकी देने का आरोप-
जनपद पंचायत अमरपाटन की अध्यक्ष माया पाण्डेय ने जपं के सीईओ ओपी अस्थाना के खिलाफ एसपी मैहर, कलेक्टर मैहर और जिला पंचायत सीईओ सतना से शिकायत दर्ज कि उन्हें, पति और बच्चों को सीईओ कॉल कर गोली मारने की धमकी दे रहे थे। अध्यक्ष ने वाइस रिकार्डिग भी उपलब्ध कराया है। अध्यक्ष की शिकायत के बाद अमरपाटन सीईओ को जिला पंचायत में अटैच कर रामनगर सीईओ को जनपद अमरपाटन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही मैहर एसपी ने मामले की जांच की एसडीओपी अमरपाटन को दी है।
—————————–