रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा है कि आगामी 15 मार्च 2026 को रीवा से रायपुर के लिए नई हवाई सेवा की शुरुआत होने जा रही है। यह सेवा भी एटीआर-72 की होगी। जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा के साथ शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। अभी रीवा से नई दिल्ली और रीवा से इंदौर के लिए हवाई सेवा चल रही है। उक्त दोनों सेवाओं को लेकर यात्रियों में उत्साह है और लगातार छत्तीसगढ़ के रायपुर से जोडऩे की मांग की जा रही थी। इसलिए अब इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने प्रदेश सरकार के बजट को लेकर भाजपा के संभागीय कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी बातें रखी। उन्होंने कहा कि लगातार प्रदेश सरकार का बजट बढ़ रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इस बार 4.38 लाख करोड़ का बजट आया है जो सशक्त मध्यप्रदेश की ओर इशारा है।

इस दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कर्ज लेने का मतलब यह नहीं है कि सरकार की आर्थिक स्थिति खराब है। इसका सीधा मतलब यह है कि सरकार के पास विकास की योजनाएं हैं जिन पर खर्च करने के लिए वह कर्ज ले रहा है। पूरा बजट आर्थिक अनुशासन के दायरे में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी गलत प्रचारित कर रहे हैं। सरकार कर्ज लेकर नए काम कर रही है, साथ ही पूर्व के कर्ज का किस्त भी बराबर दिया जा रहा है।
The Deputy Chief Minister held a press conference on the budget and said that it is a budget of economic discipline.

शुक्ला ने कहा कि इस बार के बजट में एक लाख सोलर पंप किसानों को वितरित करने की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री के मूल मंत्र गरीब, युवा, किसान और नारी(ज्ञान) के तहत काम हो रहा है। प्रदेश सरकार ने इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री के दो आई जोड़कर इस सिद्धांत को ज्ञानी बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि विंध्य क्षेत्र को कई सौगातें मिली हैं। रीवा-शहडोल मार्ग पर छुहिया घाटी में टनल बनाए जाने के लिए सर्वे करने के लिए पांच करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। गोविंदगढ़ में एक नया बायपास भी खंधो मंदिर के पास से पपरा पहाड़ की ओर बनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, रमाशंकर गुप्ता, बृजेन्द्र गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply