रीवा। पश्चिम मध्य रेलवे ने रीवा से शहडोल के बीच एक नई रेल लाइन की संभावनाओं को तलाशने की तैयारी शुरू कर दी है। यह कार्य दो खंडों में किया जाएगा। पहला खंड रीवा से जयसिंह नगर तक का होगा। दूसरा खंड जयसिंह नगर से शहडोल तक जाएगा। इस प्रकार, रीवा और शहडोल के बीच रेल लाइन के लिए सर्वे पूरा किया जाएगा। अभी रीवा से शहडोल के बीच सड़क मार्ग में अधिक समय लगता है।

रेल लाइन बनने से यात्रा एवं व्यापार के क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ेंगी। सर्वे के लिए अभी रूट तय नहीं है। रेलवे की ओर से प्रारंभिक चरण में इस सर्वे के लिए 6 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं, जिसमें रीवा से जयसिंह नगर तक सर्वे किया जाएगा। इस मार्ग की लंबाई करीब 130 किलोमीटर होगी। यह रीवा से सीधी मार्ग में बघवार के पास जंक्शन बनाकर ब्यौहारी के रास्ते आगे बढ़ाया जाएगा या फिर गोविंदगढ़ से सीधे नई लाइन जाएगी अथवा रीवा या सतना से सीधे जोड़ा जाएगा, अभी तय नहीं है।

रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि रीवा से शहडोल के बीच रेल मार्ग बनाने में सभी संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। जयसिंह नगर से शहडोल के बीच सर्वे के लिए आठ लाख रुपए अभी स्वीकृत हुए हैं। इसकी लंबाई करीब 50 किलोमीटर की होगी। जानकारी मिली है कि रेलवे ने 11 नई रेल लाइनों के सर्वे की तैयारी शुरू की है। रीवा से शहडोल के बीच की यह प्रस्तावित रेल लाइन भी उन्हीं 11 नई रेल लाइनों में से एक है जिनके लिए सर्वे किया जाना है। अन्य लाइनें प्रदेश के दूसरे हिस्सों की बताई गई हैं।

रीवा-मिर्जा परियोजना स्वीकृत करने की उठी मांग
रीवा से मिर्जापुर रेल लाइन के लिए फिर से मांग उठाई गई है। सांसद जनार्दन मिश्रा ने लोकसभा में गत दिवस यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है, अब इस परियोजना की स्वीकृति दी जाए और निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाए। सांसद ने यह भी तर्क दिया कि यह लाइन बन जाने से विंध्य क्षेत्र उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित अन्य कई हिस्सों के बड़े क्षेत्रों से सीधे कनेक्ट हो जाएगा।

Share.
Leave A Reply