Monday, September 15

रीवा। भारतीय नौसेना के चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी रीवा पहुंचे। यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शहर के प्रसिद्ध चिरहुला हनुमान मंदिर पहुंचेे। यहां मंदिर में परिक्रमा कर चिरहुलानाथ हनुमान जी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। इस दौरान बड़ी संख्या में नौसेना के अधिकारियों के साथ ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के लोग भी शामिल रहे।
मंदिर में दर्शन के बाद एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि बचपन से इस मंदिर के प्रति आस्था रही है और समय-समय पर आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ मंदिर की दिव्यता और भव्यता बढ़ी है। पहले की तुलना में परिसर भी बड़ा और सुविधाजनक हो गया है।
इसके पहले शासकीय ठाकुर रणमत सिंह कालेज में युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।
admiral dinesh tripathi“राष्ट्र की रक्षा केवल सीमाओं की निगरानी से नहीं, बल्कि विचारों में स्पष्टता, उद्देश्य में दृढ़ता और अनुशासन से होती है।” यह संदेश भारत के नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को टीआरएस कॉलेज में आयोजित युवा अभिप्रेरणा कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए दिया। कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों में देशभक्ति, नेतृत्व और आत्मसंयम जैसे मूल्यों का संचार किया।

एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि 21वीं सदी भारत की है, और इसमें युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवनशैली और समाज सेवा की भावना ही देश को आगे ले जाएगी। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे समाज के लिए आदर्श बनें और अपने प्रयासों का सर्वोत्तम योगदान देश को दें।

‘असफलताओं से घबराएं नहीं’
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता केवल एक सीख है, न कि अंत। “आप खुद जानते हैं कि आपने मेहनत की है या नहीं, इसीलिए पछताने की बजाय धैर्य और संयम से आगे बढ़ें,” उन्होंने कहा। नौसेना की ‘संयुक्त शक्ति’ की अवधारणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने युवाओं को टीमवर्क और आत्मबल पर भरोसा रखने की बात कही।

समारोह की झलकियाँ:

  • महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने नौसेना प्रमुख का शाल व श्रीफल भेंटकर स्वागत किया।

  • एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया।

  • अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह, शहीद पद्मधर सिंह और माँ सरस्वती की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

  • छात्राओं ने नौसेना प्रमुख को स्केच भेंट कर सम्मानित किया।

  • पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के नेतृत्व में सभी ने नशा मुक्ति की शपथ ली।

Share.
Leave A Reply