Miss World 2025 Winner opal suchata chuangsri: 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के भव्य फिनाले में थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगस्री ने इतिहास रच दिया। 108 देशों से आईं सुंदरियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ओपल ने इस प्रतिष्ठित ताज को अपने नाम किया। उनकी जीत न केवल उनके देश के लिए गर्व की बात है, बल्कि विश्व भर में महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है।
ओपल सुचाता का सफर
ओपल पिछले चार वर्षों से मॉडलिंग इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने पेजेंट करियर की शुरुआत 2021 में मिस रतनकोसीन प्रतियोगिता से की थी। 2022 में वे मिस यूनिवर्स थाईलैंड में तीसरे स्थान पर रहीं। दिलचस्प बात यह रही कि दूसरे स्थान की विजेता के पद त्यागने के बाद ओपल को रनर-अप का दर्जा मिला।
शिक्षा और रुचियां
ओपल को मानवविज्ञान (Anthropology) और मनोविज्ञान (Psychology) में गहरी रुचि है। वे पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय रही हैं। खासकर स्तन कैंसर के बारे में जागरूकता फैलाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। वे खुद एक ब्रेस्ट ट्यूमर सर्वाइवर रही हैं – 16 वर्ष की उम्र में ही उन्हें इस बीमारी का पता चला था, जिसका इलाज समय रहते संभव हो पाया।
पर्सनल लाइफ और परिवार
ओपल जानवरों से बेहद प्यार करती हैं। उनके पास 16 बिल्लियां और 5 कुत्ते हैं। उनके पिता का नाम थानेट डोंकमनेर्द और मां का नाम सुपात्रा चुआंगस्री है। थालांग में उनके परिवार का अपना व्यवसाय है। उन्होंने अपनी स्कूलिंग काजोनकियतसुक्सा स्कूल से और उच्च शिक्षा त्रियम उदम सुक्सा स्कूल से प्राप्त की है। वे फिलहाल भी अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं।
जीत के साथ मिली बड़ी पुरस्कार राशि
मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीतने के साथ-साथ ओपल को 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.5 करोड़ भारतीय रुपये) की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई है। यह न केवल उनके टैलेंट का सम्मान है, बल्कि उनके सामाजिक योगदान और आत्मबल की भी मान्यता है।