Higher Education NSS Camp in College :
राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत कॉलेजों में संचालित इकाइयों को ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय शिविरों के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी। रीवा सहित प्रदेश के कई जिलों में ऐसे कॉलेज भी रहे जिन्होंने शासन के निर्देशों की अनदेखी करते हुए शिविरों का आयोजन ही नहीं किया। अब उच्च शिक्षा विभाग ने ऐसे कॉलेजों को चिन्हित किया है और क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक के साथ ही संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि जिन कॉलेजों की ओर से सात दिवसीय आवासीय शिविरों का आयोजन नहीं किया गया है। वह तत्काल इसकी व्यवस्था बनाएं और आगामी 31 मार्च के पहले शिविरों का आयोजन कर उसकी पूरी जानकारी प्रस्तुत करें।
विभाग की ओर से लगातार कॉलेजों को निर्देशित किया जाता रहा है कि राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियां बेहतर तरीके से संचालित की जाएं। कॉलेज स्तर पर नियमित कार्यक्रमों के साथ ही उन्हें गांव गोद लेने के लिए भी निर्देश थे लेकिन कॉलेजों की ओर से लापरवाही बरती गई और शिविरों का आयोजन नहीं किया। इतना ही नहीं कॉलेज स्तर पर भी राष्ट्रीय सेवा योजना के वालेंटियर को कार्यक्रमों के लिए प्रेरित नहीं किया गया।
अधिकांश जगह कागजी तौर पर एनएसएस इकाइयां संचालित हो रही हैं। अब उच्च शिक्षा विभाग ने शिविरों का आयोजन नहीं करने वाले कॉलेजों के प्रायार्यों को भी नोटिस जारी किया है। इसमें अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग के साथ ही टीआरएस कॉलेज, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, आयुर्वेद कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, जीडीसी सहित प्रमुख कॉलेज शामिल हैं। ऐसी ही स्थिति प्रदेश के सभी हिस्सों में है।
—
आत्मनिर्भरता का संदेश देने शिविरों का आयोजन
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पहले भी कहा जा चुका है कि राष्ट्रीय सेवा योजना के वालेंटियर्स छात्र समाज में जागरुकता फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में सात दिवसीय आवासीय शिविरों का आयोजन करना था। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच आत्मनिर्भरता का संदेश भी देना था। वालेंटियर्स को स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता, स्वरोजगार सहित अन्य कई विषयों पर जागरुकता के कार्यक्रम चलाना था लेकिन कॉलेजों की लापरवाही से ऐसा नहीं हो सका है।
—-
इन कॉलेजों ने शिविरों का नहीं किया आयोजन
रीवा— शासकीय टीआरएस कॉलेज, मॉडल साइंस कॉलेज, माधवराव गोलवर्कर कॉलेज, जीडीसी, आयुर्वेद कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, विश्वविद्यालय का शिक्षण विभाग, शासकीय बीएड कॉलेज, विधि महाविद्यालय, शासकीय कॉलेज सेमरिया एवं मनगवां शामिल हैं।
मऊगंज—प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस मऊगंज, शासकीय कॉलेज नईगढ़ी, शासकीय कॉलेज देवतालाब।
सतना—प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय महाविद्यालय बिरसिंहपुर।
मैहर--शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन।
सीधी–प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जीडीसी सीधी, शासकीय महाविद्यालय मझौली, रामपुर नैकिन, सिहावल, कुसमी, चुरहट आदि।
सिंगरौली–शासकीय पीजी कॉलेज बैढऩ, शासकीय कन्या महाविद्यालय बैढऩ।
पन्ना–शासकीय महाविद्यालय गुन्नौर, शाहनगर, नवीन महाविद्यालय खोरा आदि।





